Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति सुवेंदु के पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है, जनता की हर अपेक्षा पूरी...

सुवेंदु के पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है, जनता की हर अपेक्षा पूरी करेंगे: शिशिर अधिकारी

0
28

कोलकाता, 9 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में शनिवार को भाजपा की सरकार बन गई। मुख्यमंत्री के तौर पर सुवेंदु अधिकारी ने शपथ ली। इस दौरान पीएम मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।

सुवेंदु अधिकारी के सीएम बनने पर आईएएनएस ने उनके पिता शिशिर अधिकारी से खास बातचीत की। शिशिर अधिकारी ने भरोसा जताते हुए कहा कि सुवेंदु अधिकारी के पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है; वे जनता की अपेक्षाओं को पूरा करेंगे।

उन्होंने कहा कि सुवेंदु काफी अनुभवी हैं, वह विधायक और म्युनिसिपल चेयरमैन रह चुके हैं। उन्हें कोऑपरेटिव सेक्टर में भी काफी अनुभव है, खासकर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के साथ। नौ साल तक, हमने एक साथ संसद सदस्य के तौर पर काम किया। फिर उन्होंने इस्तीफा दे दिया और राज्य लौट आए, जहां उन्होंने सात अलग-अलग विभागों में मंत्री के तौर पर काम किया। उनके पास अनुभव है।

टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए शिशिर अधिकारी ने कहा कि ममता राज में जनता परेशान थी। महिलाओं के साथ अत्याचार लगातार बढ़ता गया। युवाओं को रोजगार नहीं मिला और स्कूल बंद हुए। भाजपा की सरकार बनी है, तो लोगों की उम्मीदें भी काफी बढ़ी हैं। इस सरकार में हमें उम्मीद है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। महिलाओं को सम्मान दिलाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके अलावा, रोजगार पूर्व की सरकारों में बहुत बड़ी समस्या रही है। मुझे विश्वास है कि इस सरकार में रोजगार की समस्या को दूर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बंगाल में पहले 32 साल कांग्रेस का राज रहा, फिर 35 साल लेफ्ट फ्रंट का, और उसके बाद 15 साल टीएमसी का रहा है; मैंने सब कुछ देखा है। इसलिए मैं सब कुछ जानता हूं। बंगाल बहुत बुरी तरह से परेशान रहा है; बंगाल बेरोजगारी और दूसरी मुश्किलों से जूझता रहा है।

उन्होंने टीएमसी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं थी। ममता के राज में, हर चीज़ की एक ‘कीमत’ है। बलात्कार के लिए 2 लाख रुपए। अगर कोई अवैध शराब पीने से मर जाता है या नाले में गिर जाता है, तो उसकी पत्नी को 80,000 या 1 लाख रुपए दिए जाते हैं। यह सरकार ऐसी ही हो थी, इसके अलावा और कुछ नहीं है।

सुवेंदु अधिकारी के भाई और भाजपा से नवनिवार्चित विधायक दिब्येंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बन गई। पीएम मोदी के मागदर्शन में सरकार चलेगी।

उन्होंने कहा कि यह भाजपा के कार्यकर्ता की जीत है, आने वाले दिनों में महिला सुरक्षा सहित अन्य बिंदूओं पर सरकार मजबूती के साथ काम करेगी।