नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। 15 अगस्त, शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश जश्न मना रहा है। भारत को आजाद हुए 79 वर्ष पूरे हो गए हैं। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्रीय आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को हम विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। पिछले 79 वर्षों की हमारी यात्रा अनेक उपलब्धियों, संघर्षों और संकल्पों की यात्रा रही है। हमने बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन एक राष्ट्र के रूप में अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे लिखा, “हमारे लिए स्वतंत्रता केवल अंग्रेजी हुकूमत से मुक्ति नहीं है। यह संविधान से मिला वह भरोसा है, जो हर भारतीय को समानता, सम्मान, न्याय और अपनी बात कहने का अधिकार देता है। यही हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति और हर नागरिक का सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है।”
मल्लिकार्जु खड़गे ने लिखा, “बीते एक दशक में हमारे संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सद्भाव के सामने कई चुनौतियां खड़ी हुई हैं। युवाओं के सपनों को अवसर चाहिए, किसानों की मेहनत को सम्मान और न्याय चाहिए, महिलाओं को समान अधिकार और सशक्त भागीदारी चाहिए। दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को संविधान में निहित समानता और न्याय का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे लिखा, “इस स्वतंत्रता दिवस पर हमारा सबसे बड़ा संकल्प उम्मीद है। उम्मीद हमारे युवाओं की बुलंद आवाज़ में है, किसानों के परिश्रम में है, महिलाओं के साहस में है और करोड़ों भारतीयों के उस विश्वास में है कि हम मिलकर हर चुनौती का सामना कर सकते हैं और देश को सही दिशा दे सकते हैं। आइए, ऐसी आजादी की रक्षा करें जिसमें हर आवाज को सम्मान मिले, हर सपने को अवसर मिले और हर भारतीय को आगे बढ़ने का समान अधिकार मिले।”
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “आज का दिन हमारे प्यारे भारत के सामूहिक साहस, शौर्य और सत्य-अहिंसा जैसे पवित्र मूल्यों की जीत का पर्व है। यह करोड़ों भारतवासियों की आकांक्षाओं के साकार होने का पर्व है। यह लोकतंत्र के उस संकल्प का पर्व है जिसने हर एक भारतीय को समानता, न्याय व एकता की गारंटी, और हर एक भारतीय की अभिव्यक्ति को स्वतंत्रता दी। आइए, हम सब मिलकर प्रण करें कि हम अपनी स्वतंत्रता, अपने संविधान और इसके उसूलों की हर हाल में रक्षा करेंगे। सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिंद! जय भारत!”

