Saturday, August 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं...

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

0
3

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। ‘एक्स’ पोस्ट में उन्होंने लिखा, “सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”

राहुल गांधी ने आगे लिखा, “आजादी हमारे स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दिया गया सिर्फ एक तोहफ़ा नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। यह जिम्मेदारी है सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलने की, संविधान और तिरंगे के मूल्यों को अपने दिल में रखने की और हर हाल में लोकतंत्र की रक्षा करने की। मुझे गर्व है कि हमारे देशवासी, खासकर युवा, इन मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट हैं।”

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने लिखा, “स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं! हर दिल में आजादी की भावना का संचार हो, हर काम में समानता और समभाव हमारा मार्गदर्शन करें, न्याय और निष्पक्षता ही एकमात्र नियम हों, बिना किसी अपवाद के, प्यार और करुणा हमें एक सुरक्षा कवच की तरह घेरे रहें, भाईचारे और सद्भाव की खुशबू चारों ओर फैले, समानता और न्याय का प्रसार हो, सहनशीलता बढ़े, खुले विचारों का माहौल बने, और भारत और भारतीय सचमुच एक हों!”

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने लिखा, “स्वतंत्रता दिवस पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को मैं हृदय से नमन करता हूं। मातृभूमि की आजादी और उसकी प्रगति के लिये अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों के आदर्श और देशप्रेम हमें सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।”

सचिन पायलट ने आगे लिखा, “नई पीढ़ी के सपनों, सामर्थ्य और आधुनिक सोच को शक्ति बनाकर एक विकसित, समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण की दिशा में बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध और प्रयासरत रहेंगे, यह हमारी जिम्मेदारी है। आप सभी को पुनः हार्दिक शुभकामनाएं।”

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “80 साल,140 करोड़ दिल और अनगिनत सपने, एक लक्ष्य- हिंदुस्तान सबसे आगे। जय हिन्द- जय भारत।”