SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मोलिन करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा, कार्गो...

स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मोलिन करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा, कार्गो टर्मिनल की व्यवस्थाओं का भी लेंगे जायजा

0
2

ग्रेटर नोएडा, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मोलिन मंगलवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा करेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर नोएडा और गौतमबुद्धनगर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

जानकारी के मुताबिक, स्विस राष्ट्रपति सुबह करीब साढ़े 11 बजे सड़क मार्ग से दिल्ली से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें एयरपोर्ट की विभिन्न व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

अधिकारियों की ओर से उन्हें एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति, निर्माण एवं संचालन से जुड़ी तैयारियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी देने की तैयारी है। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण भी कराया जाएगा। दौरे का एक प्रमुख हिस्सा एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल से जुड़ा होगा।

स्विस राष्ट्रपति को कार्गो टर्मिनल की व्यवस्थाओं और यहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी देने की तैयारी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबार और लॉजिस्टिक्स के लिहाज से एयर कार्गो की भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में राष्ट्रपति के दौरे को भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापारिक संबंधों के नजरिए से भी अहम माना जा रहा है। भारत और स्विट्जरलैंड के बीच कारोबार, निवेश और तकनीक के क्षेत्र में लगातार सहयोग बढ़ रहा है। ऐसे समय में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और तकनीकी संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भविष्य में बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ विदेशी एयरलाइंस और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए भी नए विकल्प उपलब्ध होने की उम्मीद है। इसी क्रम में स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख एयरपोर्ट से संचालित होने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का लाभ भविष्य में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिलने की संभावना जताई जा रही है।

स्विस राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। दिल्ली से एयरपोर्ट तक सड़क मार्ग से आने के दौरान रूट और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण एविएशन और लॉजिस्टिक्स प्रोजेक्ट्स में शामिल किया जा रहा है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी, कारोबार, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का एयरपोर्ट दौरा न केवल कूटनीतिक बल्कि कारोबारी और तकनीकी दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।