तमिलनाडु सरकार में मंत्रियों को मिले विभाग, सीएम विजय ने अपने पास रखे अहम मंत्रालय

0
3

चेन्नई, 16 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में नई सरकार गठन के बाद लोकभवन ने शनिवार को मंत्रियों के विभागों का आवंटन किया है। लोकभवन की तरफ से मुख्यमंत्री जोसेफ विजय और कुल 10 मंत्रियों को उनके विभाग सौंपे हैं।

तमिलनाडु लोकभवन की तरफ से जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपने पास कई अहम मंत्रालय रखे हैं। उनके पास गृह, विशेष कार्यक्रम क्रियान्वयन, महिला कल्याण, युवा कल्याण, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों का कल्याण, नगर प्रशासन, शहरी एवं जल आपूर्ति विभाग हैं।

इसके साथ ही सेल्वी एस. कीर्तना को उद्योग मंत्री, डॉ. टीके प्रभु को प्राकृतिक संसाधन मंत्री, और रोजमोहन को स्कूली शिक्षा, तमिल विकास, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री, और आर. निर्मलकुमार को ऊर्जा संसाधन एवं कानून मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही पी. वेंकटरामनन को खाद्द एवं नागरिक आपूर्ति मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केए सेंगोट्टैयन को वित्त और केजी अरुणराज को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। जबकि आधव अर्जुना लोक निर्माण एवं खेल विकास मंत्री बने हैं। सरकार में एन. आनंद ग्रामीण विकास एवं जल संसाधन मंत्रालय देखेंगे।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय 22 मई को नई दिल्ली का दौरा करेंगे, जहां वह कई उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। यह सीएम पदभार संभालने के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ उनकी पहली बड़ी मुलाकात होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विजय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने वाली है। इस बैठक में तमिलनाडु से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है, जिनमें वित्तीय आवंटन, अवसंरचना परियोजनाएं, विकास पहल और नई सरकार के तहत राज्य की प्रशासनिक प्राथमिकताओं से संबंधित मामले शामिल हैं।

प्रधानमंत्री के साथ बैठक के अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ मुलाकातों को अंतिम रूप देने के लिए भी चर्चा चल रही है।

राजनीतिक पर्यवेक्षक इन मुलाकातों को महत्वपूर्ण मानते हैं, क्योंकि ये आने वाले महीनों में नव निर्वाचित तमिलनाडु सरकार और केंद्र के बीच संबंधों की दिशा तय कर सकती हैं।

प्रोटोकॉल के तहत सीएम विजय से यह भी अपेक्षा की जाती है कि वह राष्ट्रीय राजधानी में अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे।