तमिलनाडु: टीवीके के शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देने पर विजय ने पीएम मोदी का जताया आभार

0
7

नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) ने शानदार प्रदर्शन किया। टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीतकर डीएमके और एआईएडीएमके जैसे पार्टियों को भी पीछे धकेल दिया। टीवीके को मिले इस जनादेश पर पीएम नरेंद्र मोदी ने टीवीके को बधाई और शुभकमनाएं दीं, जिसके बाद पार्टी अध्यक्ष विजय ने प्रधानमंत्री का आभार जताया।

टीवीके अध्यक्ष विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स प्रधानमंत्री मोदी की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री कार्यालय आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हमारी जनता का कल्याण ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर, हम राज्य की प्रगति और तमिलनाडु की जनता के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इस प्रयास में हम केंद्र सरकार के सहयोग की आशा करते हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने टीवीके को बधाई देते हुए कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में एनडीए का समर्थन करने वाले तमिलनाडु के मतदाताओं के प्रति हार्दिक आभार। हम जनता की समस्याओं के समाधान और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में हमेशा अग्रणी बने रहेंगे। टीवीके को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई। केंद्र सरकार तमिलनाडु की प्रगति और जनता के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद पार्टी अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को राज्य में सरकार बनाने का दावा औपचारिक रूप से पेश किया।

उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर को पत्र लिखकर उनसे मिलने का समय मांगा है और विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने का मौका देने का अनुरोध किया है।

लोक भवन (पहले राज भवन) को भेजे गए अपने संदेश में विजय ने कहा कि 234 सदस्यों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीतने वाली पार्टी को सबसे बड़े दल के रूप में स्पष्ट जनादेश मिला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस स्थिति के आधार पर तमिलगा वेट्री कझगम को राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किए जाने का अधिकार है।

विजय ने अपने संदेश में कहा, “हम 108 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी हैं और सरकार बनाने का अधिकार रखते हैं। हम अपना बहुमत साबित करने का अवसर दिए जाने का अनुरोध करते हैं।”

उन्होंने समर्थन जुटाने के लिए अतिरिक्त समय भी मांगा और कहा कि वे 15 दिनों के भीतर अपना बहुमत साबित कर सकते हैं।