तमिलनाडु में सरकार में बनाने के लिए भाजपा नहीं देगी टीवीके को समर्थन: नैनार नागेंद्रन

0
4

चेन्नई, 8 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इस बार किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है, हालांकि अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय की तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) ने सबसे अधिक 108 सीटें जीत कर सरकार बनाने का दावा किया है। इसी बीच भाजपा ने अपनी हार को स्वीकार करते हुए अगली सरकार में हिस्सा न बनने की घोषणा की है।

तमिलनाडु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी कर किसी को समर्थन न देने की बात कही। नैनार नागेंद्रन ने कहा, “भाजपा तमिलनाडु की जनता के कल्याण और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है और उसने चुनाव प्रक्रिया में भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया था। चुनाव परिणामों को हमारी पार्टी ने सहर्ष स्वीकार किया है और हमारा मानना ​​है कि तमिलनाडु की जनता ने भाजपा को सरकार बनाने का कोई जनादेश नहीं दिया है।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “हम तमिलनाडु की जनता की इच्छा और जनादेश का सम्मान करते हैं और राज्य में नई सरकार बनाने के किसी भी प्रयास में अपनी पार्टी को शामिल नहीं करना चाहते। इसलिए हम इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग नहीं लेना चाहते और सरकार बनाने के प्रयास में किसी भी पार्टी को वोट नहीं देंगे।”

234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। सीपीआई लीडर डी राजा ने कहा कि तमिलनाडु मे एक सेक्युलर सरकार के गठन के लिए सीपीआई , सीपीएम और वीसीके ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया है।

टीवीके प्रमुख विजय ने मंगलवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था, हालांकि राज्यपाल ने उन्हें बताया कि पर्याप्त संख्या बल साबित करने के बाद ही पार्टी को सरकार बनाने का न्योता दिया जा सकता है। इसके बाद विजय ने बुधवार को फिर राज्यपाल से मुलाकात की। यह बैठक 40 मिनट से अधिक समय तक चली। बैठक के बाद राजभवन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विजय ने स्वीकार किया है कि टीवीके के पास फिलहाल अपने दम पर सरकार बनाने के लिए आवश्यक संख्या नहीं है।

बहुमत जुटाने की कोशिशों के तहत बुधवार को टीवीके नेताओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों से बातचीत तेज कर दी। पार्टी के महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने वामपंथी दलों के राज्य सचिवों से मुलाकात कर समर्थन मांगा। वहीं टीवीके प्रतिनिधि अरुणराज और मुस्तफा ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कादर मोहिद्दीन से मुलाकात कर पार्टी का समर्थन मांगा।

बैठक के बाद कादर मोहिद्दीन ने पत्रकारों से कहा कि टीवीके ने औपचारिक रूप से उनकी पार्टी से संपर्क किया है। सबसे बड़ी पार्टी के नेता होने के नाते विजय को सरकार बनाने का दावा पेश करने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है। हालांकि मोहिद्दीन ने यह भी स्पष्ट किया कि आईयूएमएल अंतिम फैसला लेने से पहले द्रमुक (डीएमके) अध्यक्ष एम. के. स्टालिन से चर्चा करेगा।