Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय तमिलनाडु सरकार का बड़ा कदम, 10वीं रिजल्ट से पहले छात्रों के लिए...

तमिलनाडु सरकार का बड़ा कदम, 10वीं रिजल्ट से पहले छात्रों के लिए मुफ्त काउंसलिंग हेल्पलाइन

0
28

चेन्नई, 19 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु सरकार ने कक्षा 10वीं (एसएसएलसी) परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले छात्रों और अभिभावकों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श को लेकर एडवाइजरी जारी की है। राज्य सरकार ने मुफ्त मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए एसएसएलसी परीक्षा के परिणाम 20 मई को जारी होने वाले हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कहा कि छात्रों के भावनात्मक संतुलन और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए प्रशिक्षित मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों और डॉक्टरों द्वारा लगातार टेली-काउंसलिंग सहायता प्रदान की जा रही है।

सरकार ने ऐसे छात्रों और अभिभावकों से हेल्पलाइन नंबर 14416 या 104 पर संपर्क करने की अपील की है, जिन्हें किसी प्रकार की काउंसलिंग सहायता की जरूरत हो। इन नंबरों पर मुफ्त सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य परीक्षा परिणाम के दौरान छात्रों में तनाव को कम करना और उनके मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना है।

बता दें कि 20 मई को तमिलनाडु एसएसएलसी कक्षा 10वीं परीक्षा परिणाम 2026 जारी होने वाले हैं। तमिलनाडु निदेशालय सरकारी परीक्षा 20 मई को सुबह 9:30 बजे एसएसएलसी कक्षा 10वीं के परिणाम घोषित करेगा। इस साल 8 लाख से अधिक छात्र अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं।

परिणाम जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक पोर्टल, डिजीलॉकर और उमंग ऐप के माध्यम से ऑनलाइन अपना परिणाम देख सकेंगे।

तमिलनाडु में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 11 मार्च से 6 अप्रैल तक राज्य भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर ऑफलाइन मोड में आयोजित की गईं। परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही शिफ्ट में आयोजित की गईं।

पिछले साल तमिलनाडु बोर्ड ने 16 मई को एसएसएलसी के परिणाम घोषित किए थे और 93.80 प्रतिशत छात्र पास हुए थे। साल 2025 में कुल 9,13,036 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। लड़कों की तुलना में लड़कियों का प्रदर्शन बेहतर रहा था।