मुंबई, 22 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने धुरंधर-2 पर विपक्ष की टिप्पणी, पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त अब्दुल बासित की धमकी और ममता बनर्जी को लेकर प्रतिक्रिया दी।
दरअसल, महाराष्ट्र कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने ‘धुरंधर 2’ को प्रोपेगेंडा मूवी करार देते हुए कहा था, “मूवी में अतीक अहमद का कनेक्शन आईएसआई के साथ दिखाने की कोशिश की गई है। साथ ही सरकार की तारीफ की गई है। असलियत और मूवी में जितना फर्क है, उतना ही फर्क सरकार जो करती है, उसमें है। ऐसे में हमें प्रोपेगेंडा मूवी के ऊपर ध्यान नहीं देना चाहिए। देश के लोग इसे भली-भांति जानते हैं।”
इसी बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा, “मुझे समझ नहीं आता कि हमारी विपक्षी पार्टियां ‘धुरंधर 2’ की सफलता को लेकर इतनी चिंतित और परेशान क्यों हैं? मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, मैं इसे देखना चाहता हूं, लेकिन चुनाव के मौसम में सभी बहुत व्यस्त हैं, इसलिए मैं देख नहीं पाया। अगर फिल्म में यह दिखाया गया है कि अतीक अहमद के पाकिस्तान के आईएसआई से संबंध थे तो इसे तथ्यों के आधार पर ही प्रस्तुत किया गया है। समाजवादी पार्टी ने ऐसे लोगों को टिकट देकर जनप्रतिनिधि बनाती थी। इससे साफ संदेश है कि कहीं न कहीं समाजवादी पार्टी आतंक को बढ़ावा देने का काम करती है।”
तुहिन ने कहा, “जब सच्चाई सामने आती है तो विपक्ष को मुंह छिपाने की जगह नहीं मिलती है। विपक्षी दल आतंकवादी गतिविधियों के प्रति सकारात्मक सोच रखती थीं। जब बाटला एनकाउंटर में आतंकवादियों को मारा गया था तो सोनिया गांधी रो पड़ी थीं, ये बातें सलमान खुर्शीद ने कही हैं। आरजेडी के पूर्व सांसद मोहम्मद शाहबुद्दीन के भी आईएसआई से संबंध के सबूत मिले थे।”
धुरंधर मूवी में नोटबंदी के दृश्य दिखाए जाने पर तुहिन सिन्हा ने कहा, “नोटबंदी ने आतंकवाद को करारा झटका दिया। कश्मीर में पत्थरबाजी एक धंधा बन गई थी। नोटबंदी के बाद इसमें 80 प्रतिशत की कमी आई। ये सब होना ही था। जनता को भी सच्चाई जानने की जरूरत थी कि कैसे नकली नोटों के जरिए हमारी अर्थव्यवस्था को बाधित करने और तोड़ने के प्रयास किए जा रहे थे।”
तुहिन सिन्हा ने कहा, “अब्दुल बासित ने धमकी दी है कि बमों से दिल्ली और मुंबई को उड़ा दिया जाएगा। इससे पता चलता है कि आज भी पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर हमले को लेकर जुनूनी है और उसने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है।”

