Saturday, June 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पार्किंग व्यवस्था होने के बाद भी पैसे बचाने और आदत के चलते...

पार्किंग व्यवस्था होने के बाद भी पैसे बचाने और आदत के चलते सड़कों पर गाड़ी खड़ी कर रहे लोग: एडिशनल सीपी

0
3

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और एमसीडी ने सड़कों पर अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है। एडिशनल सीपी (ट्रैफिक) विजयंता आर्या ने बताया कि यह अभियान राजधानी में यातायात को सुगम बनाने और फुटपाथों पर पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित बनाने का बड़ा कदम है।

एडिशनल सीपी विजयंता आर्या ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “जैसा कि आप सभी देखते हैं, कई जगहों पर हमने पार्किंग की व्यवस्था की है। फिर भी लोग आदत, सुविधा या पैसे बचाने की वजह से तय पार्किंग का इस्तेमाल नहीं करते और अपनी गाड़ियां सड़क पर कहीं भी खड़ी कर देते हैं। एमसीडी और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की यह संयुक्त कोशिश है, ताकि लोगों में अनुशासन लाया जा सके और तय पार्किंग का ही इस्तेमाल हो।”

उन्होंने बताया कि एमसीडी द्वारा तय की गई पार्किंग एरिया की जानकारी ट्रैफिक पुलिस और आम नागरिकों दोनों के पास उपलब्ध है। इसके बावजूद बाजारों के एंट्री पॉइंट्स, सर्विस लेन, मुख्य सड़कों और फुटपाथों पर वाहन खड़े करने की समस्या बनी हुई है। इससे भारी जाम लगता है और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही प्रभावित होती है।

एडिशनल सीपी ने कहा कि अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस और एमसीटी की संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण करेंगी। अवैध कब्जे हटाए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बाजार संघों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशंस और स्थानीय व्यापारियों के साथ मिलकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि लोग स्वयं अनुशासन का पालन करें।

एडिशनल सीपी विजयंता आर्या ने ट्रैफिक जागरूकता समर कैंप के सफल समापन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस कैंप में करीब 2500 छात्रों ने भाग लिया। कैंप के माध्यम से नई पीढ़ी को ट्रैफिक नियमों, अनुशासन और सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया।

विजयंता आर्या ने अपील की कि दिल्लीवासी तय पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि मल्टी-लेवल पार्किंग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद सड़कों पर पार्किंग करना यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बन गया है। यह संयुक्त अभियान दिल्ली को जाम मुक्त और पैदल चलने वालों के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अभियान को सख्ती से लागू किया जाएगा और नियमित फीडबैक लेकर इसे और प्रभावी बनाया जाएगा।