टीम इंडिया के नए ‘संकटमोचक’ बने शिवम दुबे, बड़े मुकाबलों में पार लगा रहे नैया

0
7

नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 इंटरनेशनल में शिवम दुबे टीम इंडिया के नए ‘संकटमोचक’ बनकर उभरे हैं। मुश्किल हालात में लड़खड़ाती हुई पारी को संवारने का हुनर शिवम की बल्लेबाजी में साफतौर पर झलकने लगा है। पिछले टी20 विश्व कप से लेकर अब तक शिवम कई ऐसी पारियां खेल चुके हैं, जिनका जिक्र तो काफी कम हुआ, लेकिन उन पारियों का प्रभाव काफी ज्यादा रहा है।

नीदरलैंड के खिलाफ खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भी दुबे के बल्ले से एक और कमाल की पारी निकली। शिवम जब क्रीज पर उतरे, तो भारतीय टीम 69 के स्कोर पर 3 बड़े विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। हालांकि, उन्होंने बेहतरीन बैटिंग करते हुए महज 31 गेंदों में 66 रनों की धमाकेदार पारी खेली। शिवम की पारी के बूते टीम इंडिया स्कोर बोर्ड पर 193 रन लगाने में सफल रही।

सिर्फ नीदरलैंड ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान और नामीबिया के खिलाफ भी शिवम ने बल्ले से अहम योगदान दिया था। पाकिस्तान के खिलाफ बाएं हाथ के बल्लेबाज ने महज 17 गेंदों में 27 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि नामीबिया के खिलाफ उन्होंने 16 गेंदों में 23 रन बनाए थे। हार्दिक पांड्या के साथ शिवम ने 39 गेंदों में 81 रनों की अहम साझेदारी की। यह पारी उस समय आई, जब भारतीय टीम ने 4 रनों के अंदर सूर्यकुमार और तिलक के बड़े विकेट गंवा दिए थे।

एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भी दुबे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 33 रनों की अहम पारी खेली थी। शिवम की इस पारी के बूते ही टीम इंडिया सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही थी।

इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी शिवम ने बल्ले से अहम योगदान दिया था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए फाइनल मैच में दुबे ने 16 गेंदों में 27 रन बनाए थे और विराट कोहली के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी निभाई थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 गेंदों में खेली गई 28 रनों की पारी ने भी मैच का पूरा रुख पलट डाला था। भारतीय टीम शिवम से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आगे भी इसी तरह के दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।