Wednesday, August 5, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल द हंड्रेड: टूर्नामेंट के बीच में ही एडेन मार्करम ने छोड़ा मैनचेस्टर...

द हंड्रेड: टूर्नामेंट के बीच में ही एडेन मार्करम ने छोड़ा मैनचेस्टर सुपर जायंट्स का साथ, बटलर बने कप्तान

0
7

मैनचेस्टर, 5 अगस्त (आईएएनएस)। ‘द हंड्रेड 2026’ के मौजूदा सीजन के बीच मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (एमएसजी) को एक झटका लगा है। टीम के कप्तान एडेन मार्करम निजी कारणों से टूर्नामेंट को बीच में ही छोड़कर घर लौट गए हैं। उनके स्थान पर माइकल ब्रेसवेल को टीम में शामिल किया गया, जबकि कप्तानी का जिम्मा जोस बटलर को मिला है।

‘क्रिकइन्फो’ की रिपोर्ट के अनुसार, एडेन मार्करम ‘द हंड्रेड 2026’ के शेष मैच नहीं खेल सकेंगे। मार्करम निजी कारणों के चलते इंग्लैंड में जारी टूर्नामेंट के बीच में ही साउथ अफ्रीका लौट गए हैं।

फ्रेंचाइजी ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मैनचेस्टर सुपर जायंट्स पुष्टि कर सकती है कि पुरुष टीम के कप्तान एडेन मार्करम निजी कारणों से साउथ अफ्रीका लौट गए हैं। सुपर जायंट्स में हर कोई इस समय एडेन को शुभकामनाएं देता है और इस साल की प्रतियोगिता के दौरान टीम में उनके योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद देता है।”

एडेन मार्करम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल), एसए20 और द हंड्रेड में सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी की तीनों टीमों का हिस्सा हैं। मार्करम ने द हंड्रेड में अब तक कुल 5 मैच खेले हैं, जिसमें 23.40 की औसत के साथ 117 रन बनाए। मार्करम ने हाल ही में एमआई लंदन के खिलाफ 50 रन की पारी खेली थी।

दूसरी ओर, बटलर मौजूदा सीजन में शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने सिर्फ पांच मुकाबलों में 112 की शानदार औसत से 226 रन बनाए हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद पहली बार कप्तानी की भूमिका संभालते हुए वह अपनी लय को बरकरार रखना चाहेंगे।

एमएसजी को ‘द हंड्रेड 2026’ में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने अब तक अपने शुरुआती पांच मुकाबलों में से सिर्फ दो जीते हैं। तीन में मुकाबलों में इस टीम को हार का सामना करना पड़ा है। यह टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में छठे पायदान पर है, जिसे नॉकआउट में जगह बनाने की उम्मीद कायम रखने के लिए शेष मुकाबलों में जोरदार वापसी करनी होगी।