Saturday, July 4, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय सुप्रीम लीडर को अंतिम विदाई देने के लिए ईरान को दी एक...

सुप्रीम लीडर को अंतिम विदाई देने के लिए ईरान को दी एक हफ्ते की मोहलत: ट्रंप

0
5

वाशिंगटन, 4 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में ईरान को लेकर एक बार फिर विवादित और तीखा बयान दिया है। ट्रंप ने दक्षिण डकोटा में दावा किया कि उन्होंने मानवता के नाते सुप्रीम लीडर के अंतिम संस्कार की रस्में अदा करने के लिए ईरान को ‘वीक ऑफ’ (एक हफ्ते की राहत) दिया है।

माउंट रशमोर में अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ट्रंप ने शुक्रवार रात (स्थानीय समयानुसार) दोहराया कि पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिका की कार्रवाई से ईरानी नेतृत्व “कमजोर” हुआ है और वे “समझौता करने को मजबूर” हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह अस्थायी विराम “मानवीय कारणों” से दिया गया था।

ट्रंप ने कहा, ” हमने ईरान को पूरी तरह से हिला कर रख दिया है। कुछ समय पहले तक वे मध्य पूर्व में तबाही मचा रहे थे, लेकिन हमने उन्हें घुटनों पर ला दिया। अब वे किसी भी कीमत पर हमसे समझौता करना चाहते हैं।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, “ईरान को मानवता के नाते सुप्रीम लीडर के अंतिम संस्कार की रस्मों को पूरा करने के लिए वीक ऑफ (एक हफ्ते की मोहलत) दी गई है, क्योंकि हम अच्छे लोग हैं। लेकिन इसके तुरंत बाद, उन्हें अमेरिकी शर्तों को मानना होगा।”

उन्होंने अपने संबोधन में यह भी दावा किया कि अमेरिका ने वेनेजुएला जैसे देशों में भी तेजी से कार्रवाई करते हुए “विजय” हासिल की है और अमेरिकी सैन्य शक्ति को मजबूत किया है।

ट्रंप ने अपने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की भी आलोचना की और उन्हें प्रशासनिक अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार ठहराया।

इस दौरान, उन्होंने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर बड़े दावे किए और कहा कि उनके कार्यकाल में रिकॉर्ड निवेश और औद्योगिक विकास हुआ है। ट्रंप ने कहा, “नई नीतियों और टैरिफ के कारण देश में कारखानों और निवेश में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है, और अमेरिका अब दुनिया का सबसे मजबूत और आकर्षक देश बन गया है।”