नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपनी मोटरसाइकिल यूनिट (एमटीयू) के जरिए मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग तेज कर दी है। यह फैसला त्योहारी सीजन और वाहनों की आवाजाही में संभावित वृद्धि को देखते हुए लिया गया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (जोन-I) ने सुबह और शाम के व्यस्त समय (पीक आवर्स) के दौरान अपनी मोटरसाइकिल यूनिट (एमटीयू) के जरिए मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग तेज कर दी है। इसका उद्देश्य ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखना, जाम को रोकना और आम जनता के लिए आवागमन को परेशानी-मुक्त बनाना है।
जोन-I के अंतर्गत प्रमुख सड़कों और ट्रैफिक की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग की जा रही है। इनमें लाला जगत नारायण मार्ग, भगवान महावीर मार्ग, जीटी करनाल रोड, अक्षरधाम रोड, मुर्गा मंडी से पेपर मार्केट रोड, खजूरी चौक से गोकुलपुरी फ्लाइओवर रोड, मॉल रोड, सुभाष पार्क से टी-पॉइंट छट्टा रेल रोड, हनुमान मंदिर से पीली कोठी रोड, तीस हजारी से कश्मीरी गेट रोड और खन्ना मार्केट जैसी महत्वपूर्ण जगहें शामिल हैं।
एमटीयू के कर्मचारी पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं। वे ट्रैफिक की स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और जाम की समस्या को तुरंत दूर करने के साथ-साथ वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए जरूरी कदम उठा रहे हैं।
इस बढ़ी हुई गश्त का मकसद सड़क पर ट्रैफिक मैनेजमेंट को बेहतर बनाना, ट्रैफिक में रुकावट आने पर तुरंत कार्रवाई करना और लोगों का समय बर्बाद होने से बचाना है। ट्रैफिक को व्यवस्थित रखने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए व्यस्त चौराहों, जाम वाले रास्तों और अन्य संवेदनशील जगहों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील करती है कि वे त्योहारों के मौसम में ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि सड़कें सुरक्षित और जाम-मुक्त रहें।
