अंडर-19: जुलाई में श्रीलंका का दौरा करेगी भारतीय टीम, खेले जाएंगे 3 वनडे और 2 चार-दिवसीय मैच

0
5

कोलंबो, 20 मई (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष अंडर-19 टीम जुलाई 2026 में श्रीलंका का दौरा करेगी। इस दौरे में 3 वनडे मैच और 2 चार-दिवसीय मुकाबलों की द्विपक्षीय सीरीज खेली जाएगी। यह ऐलान श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने बुधवार को किया है।

भारतीय अंडर-19 पुरुष टीम 30 जून को श्रीलंका पहुंचेगी। दौरे की शुरुआत 4 जुलाई को 50-ओवर के मैच से होगी, जो हंबनटोटा के महिंदा राजपक्षे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (एमआरआईसीएस) में खेला जाएगा। इसके बाद, दूसरा और तीसरा मुकाबला भी इसी स्टेडियम में क्रमशः 6 जुलाई और 9 जुलाई को आयोजित होगा।

इसके बाद चार-दिवसीय सीरीज की शुरुआत होगी। पहला मुकाबला 13 से 16 जुलाई तक गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा चार-दिवसीय मैच 20 से 23 जुलाई तक कोलंबो के आर. प्रेमदासा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा।

उम्मीद है कि यह सीरीज दोनों देशों के अगली पीढ़ी के क्रिकेटर्स को काफी अनुभव देगी। खासकर तब, जब भारत इस साल जिम्बाब्वे और नामीबिया में हुए पुरुष अंडर-19 वर्ल्ड कप का विजेता बनकर आ रहा है।

इसके बाद, भारत की अंडर-19 पुरुष टीम ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी। दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज राजकोट में 18, 21 और 23 सितंबर को खेली जाएगी। इसके बाद, टीम का ध्यान लंबे फॉर्मेट पर चला जाएगा, जिसमें दो चार-दिवसीय मैच खेले जाएंगे। ये मुकाबले 27 सितंबर को राजकोट में और 5 अक्टूबर को अहमदाबाद में शुरू होंगे।

15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली इस सीरीज के लिए उम्र के लिहाज से योग्य होंगे। इस युवा बल्लेबाज ने पहली बार साल 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की अंडर-19 सीरीज के दौरान सुर्खियां बटोरी थीं। तब उन्होंने महज 13 साल की उम्र में यूथ टेस्ट मैच में 62 गेंदों पर 104 रनों की तूफानी पारी खेली थी।

फिलहाल वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) टीम का हिस्सा हैं। आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाना है, जिसके बाद सूर्यवंशी 9 से 21 जून तक श्रीलंका में होने वाली 50-ओवर की ट्राई-सीरीज में भारत-ए के लिए खेलेंगे। वैभव भारत को मेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने में अहमद योगदान दे चुके हैं।