नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच में सिर्फ 11 रन बना सके। रांची में खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने आलोचना झेल रहे सैमसन का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि कुछ मुकाबलों में कम स्कोर बनाने के बाद भी टीम मैनेजमेंट को प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह पर शक नहीं करना चाहिए।
संजू सैमसन एशियन गेम्स 2026 में 9, 7 और 2 रन की पारी ही खेल सके थे। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में भी खराब बल्लेबाजी का सिलसिला जारी रहा।
पुजारा ने ‘जियोहॉटस्टार’ से कहा, “मुझे उम्मीद है कि उन पर कोई दबाव नहीं होगा, क्योंकि ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड कप जीता है और वहां शानदार प्रदर्शन किया। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। इसलिए, उनके प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होने पर कोई सवाल नहीं उठना चाहिए।”
पुजारा ने भरोसा जताया है कि सैमसन आगामी मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, “हो सकता है कि एक या दो मैच खराब जाएं, और ऐसे में टीम मैनेजमेंट को आगे आकर उन्हें सही संदेश देना चाहिए कि ‘आप इस टीम का अहम हिस्सा हैं और प्लेइंग इलेवन में बने रहेंगे, इसलिए मैदान पर जाएं, खुलकर खेलें और अपना स्वाभाविक गेम दिखाएं’। टी20 फॉर्मेट में, बीच-बीच में कुछ असफलताएं तो आती ही हैं, लेकिन यही वह समय होता है जब आपको खिलाड़ी से बात करनी चाहिए और उन्हें सही संदेश देना चाहिए। हां, वैभव सूर्यवंशी भी हैं, सही समय आने पर उन्हें भी मौका मिलेगा, लेकिन आप बहुत ज्यादा बदलाव नहीं करते। अगर संजू दो-तीन पारियां और खेलते हैं, तो मुझे यकीन है कि वह शानदार प्रदर्शन करेंगे।”
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ऑफ-स्पिनर रोस्टन चेज के खिलाफ जल्दी आउट हो गए। पुजारा का मानना है कि गलत शॉट चुनने के बावजूद, यह युवा खिलाड़ी जल्द ही अपनी बेहतरीन फॉर्म में लौट आएगा।
उन्होंने कहा, “अभिषेक ने तेज गेंदबाजों के खिलाफ अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन शाई होप को जल्द ही समझ आ गया कि लखनऊ की पिच पर स्पिनर्स को काफी मदद मिल रही थी। ऑफ-स्पिनर्स के खिलाफ अभिषेक का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है, हालांकि उन्होंने इसमें काफी सुधार किया, लेकिन लखनऊ में फिर से ऐसा लगा कि स्पिनर्स के खिलाफ उनका मन सही स्थिति में नहीं था। उनके शॉट चुनने के तरीके, खासकर रोस्टन चेज के खिलाफ, थोड़े बेहतर हो सकते थे। वह गेंद को कवर्स के ऊपर से मारना चाहते थे, लेकिन आखिरकार गेंद लॉन्ग-ऑफ पर चली गई।”
उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि वह बहुत जल्दी यह सीख जाएंगे, क्योंकि वह गेंद को अच्छी तरह टाइम कर रहे हैं। मुकाबलों के बीच का समय बहुत अच्छा नहीं था, इसलिए सिर्फ एक मैच के आधार पर उन्हें बहुत ज्यादा आंका नहीं जा सकता। यह उनके लिए बस एक खराब दिन था, लेकिन दूसरे टी20 में वह शानदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार रहेंगे।”
