SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय यूपी के बाराबंकी में सस्ती मिठाई बेचने पर खाद्य विभाग सख्त, जहांगीराबाद...

यूपी के बाराबंकी में सस्ती मिठाई बेचने पर खाद्य विभाग सख्त, जहांगीराबाद में भेजी टीम

0
3

बाराबंकी, 27 अगस्त (आईएएनएसस)। रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों में मिठाइयों की मांग बढ़ गई है। इसी बीच बाराबंकी के जहांगीराबाद क्षेत्र में बेहद कम कीमत पर बिक रही मिठाइयों को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। जब मावा करीब 400 रुपए किलो और चीनी करीब 60 रुपए किलो है, ऐसे में कालाजाम 180 रुपए और छेना 200 रुपए किलो में बिकने को लेकर मिलावट की आशंका जताई जा रही है। मामले पर बाराबंकी खाद्य विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।

डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जहांगीराबाद बाजार में पहले भी त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की जांच की गई है। विभाग की ओर से वहां सैंपलिंग कराई जा चुकी है। जांच में अभी तक अनसेफ मिलावट का कोई मामला सामने नहीं आया है, हालांकि कुछ मामलों में खाद्य पदार्थ सबस्टैंडर्ड पाए गए हैं। इनमें स्टार्च या अरारोट की मिलावट की पुष्टि हुई थी।

उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ एडीएम कोर्ट में मुकदमे किए गए हैं और जुर्माना भी लगाया गया है। हालांकि, सस्ती मिठाइयों को लेकर सामने आए सवालों के बाद विभाग ने जहांगीराबाद में विशेष जांच कराने का फैसला किया है। असिस्टेंट कमिश्नर ने कहा कि मामला सामने आने के बाद एक टीम को तत्काल जहांगीराबाद भेजा जा रहा है। टीम वहां मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करेगी और जांच के परिणाम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग के मुताबिक अगस्त से त्योहारों का सिलसिला शुरू हो गया है। सावन के दौरान आयोजित मेले से ही विभाग ने निरीक्षण और सैंपलिंग शुरू कर दी थी। अब रक्षाबंधन के बाद जन्माष्टमी समेत कई त्योहार आने वाले हैं, जिसके मद्देनजर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को लगातार बाजारों में भ्रमण और जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार विभाग का विशेष फोकस उन खाद्य पदार्थों पर है जो बाराबंकी से दूसरे जिलों में भेजे जा रहे हैं या दूसरे जिलों से बाराबंकी के रास्ते होकर आगे जा रहे हैं। इसके लिए जिले के प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।

खाद्य विभाग ने बाराबंकी के हैदरगढ़, अहमदपुर और मसौली-बहराइच रोड स्थित टोल नाकों पर चेकिंग अभियान चलाया है। अहमदपुर में रात के समय भी लगातार जांच की जा रही है। आने-जाने वाले वाहनों में खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है ताकि दूसरे जिलों तक पहुंचने वाले संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थों को रोका जा सके। विभाग के अनुसार, अब तक 40 निरीक्षण किए जा चुके हैं और 19 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा करीब 3,416 किलोग्राम नमकीन, जिसकी कीमत लगभग 3.21 लाख रुपए बताई गई है, सीज की गई है।

खाद्य विभाग बाजार में उन खाद्य पदार्थों पर भी कार्रवाई कर रहा है जो पहली नजर में ही खाने योग्य नहीं पाए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जिन मिठाइयों या खाद्य पदार्थों में फफूंदी दिखाई देती है अथवा दूध और अन्य उत्पादों से दुर्गंध आती है, उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है। अब तक करीब 15 हजार रुपए के खाद्य पदार्थों का विनष्टीकरण कराया जा चुका है। असिस्टेंट कमिश्नर ने यह स्पष्ट किया कि त्योहार समाप्त होने के साथ अभियान बंद नहीं होगा। खाद्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।