पोर्ट ब्लेयर, 8 अगस्त (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह स्थित ऐतिहासिक सेल्युलर जेल का दौरा किया और देश की आजादी के लिए अपार कष्ट सहने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपराष्ट्रपति ने शहीद स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित किया, वीर सावरकर की कोठरी में श्रद्धांजलि दी और स्वतंत्र ज्योति, केंद्रीय टावर, फांसीघर (गैलोज) तथा संग्रहालय एवं प्रदर्शनी गैलरी का भी भ्रमण किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम की वीरगाथा को दर्शाने वाले लाइट एंड साउंड शो का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने वीर सावरकर को एक अद्वितीय और निर्भीक क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि उनकी प्रखर देशभक्ति ने युवाओं की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है।
सेल्युलर जेल में सावरकर के कारावास और उनके साथ हुए कठोर व्यवहार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “स्वतंत्रता सेनानियों को जेल भेजने का उद्देश्य उनका मनोबल तोड़ना था, लेकिन वीर सावरकर कभी हतोत्साहित नहीं हुए। अंततः ब्रिटिश शासन का ही मनोबल टूट गया।”
उपराष्ट्रपति ने कहा कि वीर सावरकर सेल्युलर जेल में अकल्पनीय कष्ट सहे। उन्होंने ब्रिटिश साम्राज्यवाद के खिलाफ सावरकर के जीवन भर के संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम को एक ऐसी वीरतापूर्ण लड़ाई बताया, जिसे इतिहास में कभी भी नजरअंदाज या खारिज नहीं किया जा सकता। वीर सावरकर का महान बलिदान हमेशा हमें राह दिखाने वाली एक महान ज्योति के रूप में काम करेगा।
उन्होंने छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ सावरकर के योगदान का भी विशेष उल्लेख किया।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत का अधिक शक्तिशाली बनने का प्रयास किसी अन्य देश पर अपनी शर्तें थोपने के लिए नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए है कि दुनिया में कोई भी हमें अपनी शर्तें न थोप सके। यही वास्तविक स्वतंत्रता है।
इससे पहले, आईएनएस उत्क्रोश (श्री विजया पुरम) पहुंचने पर अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल एडमिरल देवेंद्र कुमार जोशी (सेवानिवृत्त) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उपराष्ट्रपति को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
सीपी राधाकृष्णन अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के शुभारंभ सहित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप का भी दौरा करेंगे।

