नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। उपचुनावों में भाजपा और उसके सहयोगी दल को मिली जीत पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने खुशी जताई है। उन्होंने इसे जनता के विश्वास और विकास की विजय बताया।
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जनता का विश्वास, विकास की विजय। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों तथा असम की नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा की शानदार जीत और पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर हमारे सहयोगी दल एआईएनआरसी की विजय ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश की जनता पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन की राजनीति के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।”
उन्होंने आगे कहा, “जो लोग देशवासियों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें जनता ने एक बार फिर अपने मत के माध्यम से करारा जवाब दिया है।”
नवीन ने इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं के परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि इन परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास की राजनीति पर भरोसा करती है।
दरअसल, पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जाती है। इस सीट पर भाजपा की जीत को पार्टी के लिए बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, रेजीनगर सीट पर भी भाजपा ने जीत दर्ज कर बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत होने का संकेत दिया है।
असम की नगांव लोकसभा सीट पर जीत को भी भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्वोत्तर में भाजपा लगातार अपने जनाधार को बढ़ा रही है और यह जीत उसी का परिणाम है।
इसके अलावा, पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर भाजपा के सहयोगी दल ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने जीत हासिल की है। इस जीत से एनडीए गठबंधन को दक्षिण भारत में भी मजबूती मिली है।
