यूपीएससी सीडीएस-II 2026: 451 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, आवेदन प्रक्रिया शुरू

0
5

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने अलग-अलग पाठ्यक्रम के आधार पर संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस-द्वितीय) भर्ती परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन अपने आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं, जिसके माध्यम से भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए), वायु सेना अकादमी (एएफए) और अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (ओटीए) में अधिकारियों की कुल 451 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती की जाएगी।

यूपीएससी की ओर से जारी 451 रिक्तियों में भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून – 163वां (डीई) पाठ्यक्रम जुलाई 2027 में शुरू होगा, जिसमें 100, एनसीसी ‘सी’ प्रमाणपत्र (सेना विंग) धारकों के लिए आरक्षित 13 रिक्तियां शामिल हैं। भारतीय नौसेना अकादमी, एझिमाला – पाठ्यक्रम जुलाई 2027 से शुरू होगा, जिसमें कार्यपालिका शाखा (सामान्य सेवा)/हाइड्रो के 26, एनसीसी ‘सी’ प्रमाणपत्र (नौसेना विंग) धारकों के लिए 6 रिक्तियां और जलविद्युत के लिए 01 रिक्ति शामिल हैं। वायु सेना अकादमी, हैदराबाद – (प्री-फ्लाइंग) प्रशिक्षण पाठ्यक्रम जुलाई 2027 से शुरू हो रहा है, अर्थात 222एफ(पी) पाठ्यक्रम के 32, एनसीसी ‘सी’ प्रमाणपत्र (वायु विंग) धारकों के लिए आरक्षित 03 रिक्तियां एनसीसी विशेष प्रवेश के माध्यम से; अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी, चेन्नई (मद्रास) 126वां एसएससी (पुरुष) (एनटी) (यूपीएससी) पाठ्यक्रम अक्टूबर 2027 से शुरू होगा, जिसमें 275 पद हैं; और अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी, चेन्नई (मद्रास) 126वां एसएससी महिला (एनटी) (यूपीएससी) पाठ्यक्रम अक्टूबर 2027 से शुरू होगा, जिसमें 18 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार यूपीएससी की ओर से जारी पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन, इंजीनियरिंग में डिग्री या भौतिकी को मुख्य या वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर बीएससी (12वीं स्तर पर भौतिकी और गणित के साथ) होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास पद अनुसार अन्य निर्धारित पात्रता भी होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु पद अनुसार 19 से 20 वर्ष और अधिकतम आयु 24 से 25 वर्ष के बीच तय की गई है। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार), एसएसबी इंटेलिजेंस और पर्सनैलिटी टेस्ट, चिकित्सा परीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 56,100 रुपए प्रति माह होगी। वहीं, लिखित परीक्षा 13 सितंबर को आयोजित होगी।

आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस (पुरुष) के लिए 200 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिला उम्मीदवारों (सभी श्रेणियों) और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, वैकेंसी, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत अधिसूचना को चेक करने की सलाह दी जाती है।