Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth यूपीएसएसएससी जॉब अलर्ट: आबकारी सिपाही के 722 पदों पर नौकरी का मौका,...

यूपीएसएसएससी जॉब अलर्ट: आबकारी सिपाही के 722 पदों पर नौकरी का मौका, 4 जून से आवेदन शुरू

0
4

लखनऊ, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी), लखनऊ ने आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा 2026 के अंतर्गत कार्यालय आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के नियंत्रणाधीन आबकारी सिपाही के कुल रिक्त 722 पदों पर पात्र उम्मीदवारों के चयन के लिए देश के नागरिकों से एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

यूपीएसएसएससी की ओर से जारी 722 रिक्तियों में आबकारी सिपाही के 612 और आबकारी सिपाही (विशेष चयन) के 110 पद शामिल हैं। आबकारी सिपाही के 612 पदों में अनारक्षित के 246, अनुसूचित जाति के 128, अनुसूचित जनजाति के 12, अन्य पिछड़ा वर्ग के 165 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के 61 पद शामिल हैं। वहीं, आबकारी सिपाही (विशेष चयन) के 110 पदों में अनुसूचित जाति के 46, अनुसूचित जनजाति के 14 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 50 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 4 जून से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य उम्मीदवार आबकारी सिपाही के पद पर नियुक्त होने की इच्छा रखते हैं, वे आयोग के ऑफिशियल पोर्टल पर लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं। वहीं, जिन आवेदकों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए पत्र में सुधार करने का विंडो 1 जुलाई तक सक्रिय रहेगा।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की इंटरमीडिएट या सरकार द्वारा उसके समकक्ष मान्यता प्राप्त कोई परीक्षा अवश्य उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा-2025 (पीईटी-2025) में उपस्थित होना और वैध स्कोर कार्ड के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। वहीं, एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 25 रुपए तय किया गया है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी-2025) में प्राप्त मानकीकृत स्कोर के आधार पर मुख्य लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग, मुख्य लिखित परीक्षा, शारीरिक मानदंड व शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 19,900 से 63,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

कैंडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए यूपीएसएसएससी की ओर से संबंधित पद के लिए जारी नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।