एटा, 3 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र में किलरमऊ के नजदीक एक तेज रफ्तार कैंटर ने सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस को पीछे से टक्कर मारी। एटा डिपो की बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। हालांकि, रास्ते में खराब होने के कारण बस को सड़क किनारे खड़ा करके ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान कैंटर ने टक्कर मारी। इस घटना के बाद चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही एसपी सिटी, एसडीएम, सीओ सिटी, सीओ सदर समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। हालांकि, अभी मृतकों की पहचान नहीं हुई है।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह के अनुसार, जब खराब बस को रिपेयर किया जा रहा था, उस समय अधिकतर यात्री बाहर सड़क किनारे खड़े थे और कुछ यात्री बस के अंदर बैठे थे। जिलाधिकारी ने बताया कि जब कैंटर बस के नजदीक पहुंचा था, उसी समय दूसरी तरफ से एक ट्रक का आना हुआ था। बचाव के दौरान कैंटर ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि बस के अंदर बैठे यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन सड़क किनारे खड़े यात्रियों में से कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित किया। जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 11 यात्री घायल हैं और एक यात्री की स्थिति गंभीर है। सभी का इलाज जारी है।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि घटना के सही कारणों का पता चलाने के लिए जांच की जाएगी। फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

