उत्तर प्रदेश: उन्नाव में भीषण सड़क हादसा, मुंडन संस्कार में जा रहे छह लोगों की मौत

0
5

उन्नाव, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो के दो ट्रकों के बीच फंस जाने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि हादसा उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर कीरतपुर गांव के पास बोलेरो में सवार लोग एक बच्चे के मुंडन संस्कार के लिए मंदिर गए थे और वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के दौरान बोलेरो आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इसी बीच पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो दोनों ट्रकों के बीच बुरी तरह फंसकर चकनाचूर हो गई।

इस हादसे में कुल छह लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई शव क्षत-विक्षत हालत में पड़े मिले। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवाया। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक और सहायक मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।