उत्तरकाशी, 15 मई (आईएएनएस)। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने और विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान ग्राम्य विकास, स्वरोजगार, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, मनरेगा, ग्रामीण आजीविका संवर्धन, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान एवं पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनपद के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी शासन की नीतियों का लाभ मिल सके।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक मजबूत ‘वर्क फोर्स’ के रूप में विकसित करना आवश्यक है, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सूक्ष्म, लघु एवं खादी ग्रामोद्योग सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की समीक्षा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत संगमचट्टी-अगोड़ा सड़क मार्ग के कार्यों में आगामी 15 दिनों के भीतर संतोषजनक प्रगति लाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, डुंडा राजदीप परमार, पुरोला निशिता शाह, पूर्व प्रमुख भटवाड़ी विनीता रावत, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा, और परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

