Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय उत्तराखंड में अवैध प्लॉटिंग पर सख्ती, जमीन खरीदने से पहले जांच की...

उत्तराखंड में अवैध प्लॉटिंग पर सख्ती, जमीन खरीदने से पहले जांच की अपील

0
2

देहरादून, 18 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड सरकार ने अवैध प्लॉटिंग और सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। राज्य में चल रहे व्यापक बुलडोजर अभियान के बीच सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने लोगों से जमीन खरीदने से पहले पूरी जानकारी लेने और केवल स्वीकृत लेआउट वाली परियोजनाओं में ही निवेश करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और आम नागरिकों को भी जागरूक करने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक की जा रही है।

बंशीधर तिवारी ने गुरुवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि राज्य में मुख्य रूप से दो प्रकार की अवैध प्लॉटिंग देखने को मिलती है। पहली, आवासीय भूमि पर बिना आवश्यक अनुमतियों के प्लॉटिंग कर दी जाती है और दूसरी, कृषि उपयोग वाली भूमि को नियमों के विरुद्ध आवासीय प्लॉट के रूप में बेचा जाता है। दोनों ही स्थितियों में जमीन खरीदने वाले लोगों को बाद में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से भवन निर्माण के लिए मानचित्र स्वीकृत कराने में दिक्कतें आती हैं, क्योंकि ऐसी जमीनें नियमानुसार आवासीय उपयोग के लिए अनुमोदित नहीं होतीं।

उन्होंने कहा कि कई बार लोग ऐसी जमीन खरीद लेते हैं, लेकिन बाद में उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए सरकार ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अवैध प्लॉटिंग से जुड़ी जानकारी को वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया है। इससे कोई भी व्यक्ति जमीन खरीदने से पहले यह जांच कर सकता है कि संबंधित भूमि किसी अवैध प्लॉटिंग परियोजना का हिस्सा तो नहीं है।

बंशीधर तिवारी ने मीडिया के माध्यम से जनता से अपील करते हुए कहा कि आवासीय परियोजनाओं के लिए केवल उन्हीं भूखंडों की खरीद करें, जो संबंधित प्राधिकरणों द्वारा स्वीकृत लेआउट का हिस्सा हों।

वहीं, योग दिवस को लेकर बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्तर पर योग को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आवास पर भी योग दिवस से पहले एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। वहीं योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि विकास प्राधिकरण की ओर से भी योग दिवस पर आम लोगों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सुबह 7 बजे से योग सत्र का आयोजन होगा, जिसमें नागरिकों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।