Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति वंचित बहुजन आघाड़ी का ‘महाराष्ट्र बंद’, प्रकाश अंबेडकर बोले- दमन कर रही...

वंचित बहुजन आघाड़ी का ‘महाराष्ट्र बंद’, प्रकाश अंबेडकर बोले- दमन कर रही सरकार, छात्रों के लिए जारी रहेगी लड़ाई

0
5

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक मामले पर गुरुवार को महाराष्ट्र में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। वंचित बहुजन आघाड़ी ने दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में ‘महाराष्ट्र बंद’ का आह्वान किया है। हालांकि, पार्टी ने मुंबई पुलिस पर कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के आरोप लगाए हैं।

वंचित बहुजन आघाड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “महाराष्ट्र बंद शांतिपूर्ण तरीके से बुलाया गया है, लेकिन पुलिस अलग-अलग जगहों पर वंचित बहुजन अघाड़ी के पदाधिकारियों को हिरासत में ले रही है और उन्हें रोक रही है।”

वहीं, पार्टी प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने आरोप लगाया कि ‘महाराष्ट्र बंद’ के दौरान मुंबई पुलिस ने करीब 3500 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पुलिस के माध्यम से दमन और भय का वातावरण निर्मित किया है।

प्रकाश अंबेडकर ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “वंचित बहुजन आघाड़ी की ओर से ‘महाराष्ट्र बंद’ के दौरान मुंबई में पुलिस ने करीब 3500 वंचित बहुजन अघाडी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।” उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को धमकाया जा रहा है। सरकार ने पुलिस के माध्यम से दमन और भय का वातावरण निर्मित किया है। छात्रों के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

दिल्ली के प्रदर्शन को लेकर समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए प्रकाश अंबेडकर ने कहा, “यह सरकार छात्रों का भविष्य और उनके कीमती साल बर्बाद करने की कोशिश कर रही है। इसीलिए हम यह मुद्दा उठा रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “अगली पीढ़ी का भविष्य दांव पर लगा है। भाजपा हमेशा मेरिट की बात करती है, लेकिन जब पेपर लीक होता है, तो सबसे अधिक नुकसान मेरिट का ही होता है। इसके बावजूद, पार्टी पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।”

उधर, वंचित बहुजन आघाड़ी के ‘महाराष्ट्र बंद’ के दौरान मुंबई पुलिस ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को नोटिस भेजे हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने बंद के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, नोटिस में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि अगर किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था भंग करने, जबरन बंद कराने या अवैध गतिविधियों में शामिल पाए गए तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वंचित बहुजन महिला अघाड़ी की मुंबई क्षेत्रीय अध्यक्ष स्नेहल सोहनी ने पुलिस ने नोटिस पर कहा, “वंचित बहुजन अघाड़ी की ओर से आयोजित हर आंदोलन से पहले हमें पुलिस के नोटिस मिलते हैं। पुलिस ने ऐसा करके आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की है, लेकिन वंचित बहुजन अघाड़ी किसी से नहीं डरती।”