SGSU Advertisement
Home राजनीति वाराणसी में ‘नमो बुक फेस्ट’ का आयोजन, एक छत के नीचे पीएम...

वाराणसी में ‘नमो बुक फेस्ट’ का आयोजन, एक छत के नीचे पीएम मोदी पर लिखी किताबों का संग्रह

0
7

वाराणसी, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजक और वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि यह अपनी तरह का अनोखा आयोजन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गईं और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लिखी गई किताबों को एक ही स्थान पर प्रदर्शित किया जाएगा। फेस्ट में पुस्तकों की प्रदर्शनी के साथ लेखकों और विशेषज्ञों के साथ संवाद और विभिन्न विषयों पर चर्चाएं भी आयोजित की जाएंगी।

अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि समकालीन वैश्विक नेताओं में प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ी संख्या में पुस्तकें लिखी गई हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ‘नमो बुक फेस्ट’ की परिकल्पना की गई है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी से संबंधित पुस्तकों को पाठकों, खासकर युवाओं तक पहुंचाना और उन्हें इन किताबों के लेखकों तथा विषय विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर देना है। फेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संबंधित पुस्तकों को अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाएगा। इनमें उनकी आर्थिक नीतियों, वैश्विक नीति, धर्म और आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े कार्यों सहित विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकें शामिल होंगी।

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में लगने वाली प्रदर्शनी में इन पुस्तकों को एक साथ देखने का अवसर मिलेगा। अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि लोग इन पुस्तकों को देख सकेंगे और कम कीमत पर खरीद भी सकेंगे। इसके अलावा, पुस्तक के लेखकों और विशेषज्ञों के साथ बातचीत का अवसर भी उपलब्ध रहेगा। युवाओं की भागीदारी इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। फेस्ट के दौरान अलग-अलग श्रेणियों में पुस्तकों और उनसे जुड़े विषयों पर चर्चा होगी, जिससे पाठकों को पुस्तकों में प्रस्तुत विचारों और विषयों को समझने का अवसर मिलेगा।

‘नमो बुक फेस्ट’ में कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की जानकारी आयोजक ने दी है। वरिष्ठ लेखक अमीश त्रिपाठी और मनोज तिवारी भी फेस्ट में शामिल होंगे। श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि मनोज तिवारी को इस कार्यक्रम में केवल भाजपा नेता के तौर पर नहीं, बल्कि काशी से उनके जुड़ाव को देखते हुए आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में ‘हनुमान अंश’ से जुड़ी प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर और इस प्रोजेक्ट का गाना गाने वाले सुनील लोधी के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है। आयोजक ने बताया कि इनके अलावा कई अन्य लोग भी इस आयोजन से जुड़ेंगे।

फेस्ट के दौरान रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में एक विशेष कार्यक्रम भी होगा। अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके साथ जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी भी मौजूद रहेंगी। उन्होंने बताया कि रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में एक गैलरी शिंजो आबे के नाम पर समर्पित की जाएगी। भारत और जापान के संबंधों में शिंजो आबे की भूमिका को ध्यान में रखते हुए यह गैलरी उनके नाम पर समर्पित की जा रही है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और शिंजो आबे की पत्नी की मौजूदगी रहेगी।