मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता वत्सल सेठ ने अजय देवगन की फिल्म ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ के लिए राइटर का काम किया है। फिल्म की कहानी दुनिया के पहले कंप्यूटर वायरस से प्रेरित है, जिसे एक रूपक के रूप में इस्तेमाल किया गया है। वत्सल सेठ ने स्पष्ट किया कि उन्होंने फिल्म बनाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल केवल एक टूल के रूप में किया है, न कि कहानी कहने वाले के रूप में।
‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ एक ड्रामा फिल्म है, जो आधुनिक तकनीक और मानवीय भावनाओं के बीच के रिश्ते को खास अंदाज में पेश करती है। वत्सल सेठ का कहना है कि एआई का सही और संतुलित इस्तेमाल कहानी को और बेहतर बना सकता है, लेकिन असली कहानीकार हमेशा इंसान ही रहना चाहिए।
वत्सल ने कहा, “हम एआई से सिर्फ इसलिए कुछ नहीं बना रहे क्योंकि यह शानदार विजुअल्स दे सकता है। हम इसका इस्तेमाल एक स्मार्ट और मददगार टूल की तरह करते हैं, ताकि और भी ज्यादा अर्थपूर्ण और गहरी कहानियों को जीवंत किया जा सके।”
उन्होंने बताया कि एआई की मदद से वह उन कहानी कहने की संभावनाओं को खोज रहे हैं, जो पहले बजट की कमी के कारण सीमित रह जाती थीं। वत्सल का कहना है कि एआई हमें बिना किसी समझौते के बड़ी और ज्यादा प्रभावशाली कहानियां बनाने में मदद करता है। वे जोर देकर कहते हैं कि एआई क्वालिटी या भावनात्मक गहराई से कभी समझौता नहीं करता, बल्कि कहानी को और मजबूत बनाता है। फिल्म ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित है।
हाल ही में अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया था। इस पोस्टर में एक हाथ का क्लोज-अप दिखाया गया है, जिसमें एक फ्लॉपी डिस्क है और उस पर ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ लिखा है। टैगलाइन में लिखा है, ‘सच्ची घटना से प्रेरित।’
इस फिल्म को अजय देवगन और दानिश देवगन ने लेंस वॉल्ट स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। अंशुल कुमार शर्मा फिल्म के डायरेक्टर हैं, जबकि साहिल नायर क्रिएटिव प्रोड्यूसर के रूप में जुड़े हैं। फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक जोएल क्रास्टो ने तैयार किया है।

