नई दिल्ली/भोपाल, 25 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डाक विभाग द्वारा राजा भोज और रानी कमलापति के सम्मान में विशेष डाक टिकट जारी किए जाने पर इसे मध्य प्रदेश विशेषकर भोपाल की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और ऐतिहासिक अस्मिता का सम्मान बताया।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि राजा भोज और रानी कमलापति केवल इतिहास के पात्र नहीं हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना, गौरवशाली परंपरा और सभ्यता के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के साथ देश अपनी सांस्कृतिक धरोहरों और ऐतिहासिक विरासतों को नए सम्मान और पहचान से जोड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि उनके नाम पर डाक टिकट जारी किया जाना केवल औपचारिक सम्मान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी ऐतिहासिक जड़ों, संस्कृति और विरासत से जोड़ने का सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि डाक टिकट देश की सांस्कृतिक स्मृतियों को संजोने का माध्यम होते हैं और यह पहल भारत की समृद्ध परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर डाक विभाग को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक धरोहरों को सम्मानित करने की यह शृंखला देश के सांस्कृतिक आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी।
बता दें कि पिछले दिनों शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मुलाकात हुई थी। केंद्रीय मंत्री सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र गुना के प्रवास पर थे और शनिवार को उनकी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल से शिष्टाचार मुलाकात हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल शिवपुरी में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में हिस्सा लेने पहुंचे। शिवपुरी के नक्षत्र गार्डन में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच लगभग एक घंटे तक संगठन, जनसेवा, कार्यकर्ता सशक्तिकरण तथा मध्य प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, जनता के बीच संवाद को और प्रभावी बनाने, तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार-आधारित संगठन है, जिसकी वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय के माध्यम से ही विकास की गति को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

