Thursday, July 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति विकास पर केंद्रित रहेगा इस बार का राजस्थान बजट : डिप्सी सीएम...

विकास पर केंद्रित रहेगा इस बार का राजस्थान बजट : डिप्सी सीएम प्रेमचंद बैरवा

0
24

जयपुर, 10 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने राज्य सरकार के बजट को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सत्ता में आने के बाद राजस्थान के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी है और हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर फैसले किए गए हैं।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि जब राजस्थान में भाजपा सरकार बनी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यभार संभाला, तब से अब तक दो बजट पेश किए जा चुके हैं। इन दोनों बजटों में समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए प्रावधान किए गए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, युवा, महिला और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि राजस्थान को विकास की नई दिशा दी जा सके। बैरवा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारकर जनता तक उसका लाभ पहुंचाना है।

बता दें कि राजस्थान का बजट 11 फरवरी को पेश होना है।

वहीं पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप मैच के बहिष्कार के फैसले से पलटने पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खेल को खेल की भावना से ही खेला जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खेल के मैदान में किसी भी तरह की नकारात्मकता या राजनीतिक भावना नहीं होनी चाहिए। बैरवा ने कहा कि खेल देशों को जोड़ने का माध्यम होते हैं और इसमें आपसी सौहार्द और सकारात्मक सोच जरूरी है।

इसके अलावा लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने के सवाल पर भी उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरोप लगाना विपक्ष का काम है और वह हमेशा ऐसा करता रहेगा। बैरवा ने लोकसभा स्पीकर की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान स्पीकर सदन को बहुत अच्छे ढंग से चला रहे हैं और संसदीय मर्यादाओं का पालन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास ठोस मुद्दों की कमी है, इसलिए वह बार-बार आरोपों और विवादों का सहारा लेता है। जनता सब देख रही है और सही समय पर सही फैसला करेगी। उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य, दोनों स्तरों पर भाजपा सरकारें विकास और सुशासन के अपने एजेंडे पर आगे बढ़ती रहेंगी।