लखनऊ, 13 जून (आईएएनएस)। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को विकास, विश्वास और जनकल्याण का कार्यकाल बताया।
जगदंबिका पाल ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 2014 में जब प्रधानमंत्री मोदी को देश की कमान मिली थी, तब देश की अर्थव्यवस्था 11वें पायदान पर थी, और आज हम विश्व में चौथे पायदान पर आ चुके हैं। आज हमारे देश में दोहरी गति से विकास के कार्य हो रहे हैं। आज भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
उनके मुताबिक, कांग्रेस के शासनकाल में भारत की छवि वैश्विक मंच पर धूमिल हो गई थी। उन दिनों दुनियाभर में लोग यही मानते थे कि भारत में नीतियों को समय पर लागू नहीं किया जाता है। यहां पर नीतियों को तैयार करने के लिए कोई ठोस रूपरेखा निर्धारित नहीं है। इस वजह से यहां पर विकास की गति धीमी है, लेकिन आज की तारीख में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में विकास की गति तेज हो रही है। लोगों को बड़े पैमाने पर फायदा हो रहा है। इसका श्रेय अगर किसी को जाता है तो वो प्रधानमंत्री मोदी हैं।
सांसद जगदंबिका पाल ने बताया कि कोरोना काल के बाद ईजी ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत ज्यादा एफडीआई भारत में हुआ। यहां तक कि जापान और रूस से भी ज्यादा निवेश भारत में हुआ। इसके अलावा, एक तरफ जहां अमेरिका, ईरान, यूक्रेन, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और इजरायल जैसे देशों में तनाव की स्थिति बनी हुई है, वहीं दूसरी तरफ भारत दोहरी गति से आगे बढ़ रहा है। यहां पर तेज गति से विकास के काम हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू हो रही हैं। गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 81 करोड़ लोगों को मुफ्त आनाज दिया जा रहा है। पूरे देश में लोगों को मुफ्त में आयुष्मान कार्ड दिया जा रहा है, जिनकी संख्या करीब 9 करोड़ हो चुकी है। किसान सम्मान निधि के तहत छह हजार करोड़ रुपए दिए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में जनधन खाते भी खोले जा रहे हैं। इससे यह साफ जाहिर होता है कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल उपलब्धियों का कार्यकाल रहा। करीब 32 देशों ने सम्मान दिया है। 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया है। 16 लाख करोड़ युवाओं को मुद्रा योजना के तहत लोन मिला है। डेढ़ लाख किलोमीटर हाईवे बना है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना 4 लाख किलोमीटर से ऊपर बन चुकी है। 12 सालों में 165 हवाई अड्डे हो चुके हैं। इसके अलावा, 370 और 35ए खत्म करके जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया है। तीन तलाक को समाप्त किया है। इस तरह से प्रधानमंत्री मोदी को सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनियाभर में सम्मानित किया जा रहा है।

