Monday, August 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय विश्व शेर दिवस 2026: योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्य के मुख्यमंत्रियों ने...

विश्व शेर दिवस 2026: योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्य के मुख्यमंत्रियों ने दीं बधाई और शुभकामनाएं

0
4

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। शेरों की घटती आबादी और उनके संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर वर्ष 10 अगस्त को विश्व शेर दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “शक्ति, शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक ‘शेर’ का संरक्षण केवल एक वन्यजीव प्रजाति की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध जैव-विविधता और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने की एक समग्र दृष्टि है।”

मुख्यमंत्री ने लिखा, “उत्तर प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकी संतुलन के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। आइए, ‘विश्व शेर दिवस’ पर प्रकृति के इस प्रहरी के संरक्षण का संकल्प लें, जिससे आने वाली पीढ़ी को एक सुरक्षित और समृद्ध धरा विरासत में मिल सके।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “शेर भारत की समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीव विरासत का गौरव हैं। विश्व शेर दिवस पर आइए, प्रकृति के इस अद्भुत प्रहरी के संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को और मजबूत करें तथा ऐसा वातावरण बनाएं, जहां वन्यजीव और प्रकृति दोनों सुरक्षित एवं समृद्ध रहें। सभी वन्यजीव प्रेमियों को विश्व शेर दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “समस्त वन्यजीव प्रेमियों को विश्व शेर दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। शेर प्रकृति के संतुलन और वन्यजीव संरक्षण के महत्व का प्रतीक हैं। आइए, इस अवसर पर हम सभी वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने, उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण और जैव विविधता को सुरक्षित रखने का संकल्प लें।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “समस्त प्रदेशवासियों को ‘विश्व शेर दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। शेर हमारी समृद्ध जैव विविधता, प्राकृतिक संतुलन और वन्यजीव विरासत का महत्वपूर्ण आधार हैं। आइए, इनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित प्राकृतिक धरोहर के निर्माण का संकल्प लें।”