Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल वॉर्म-अप मैच में मिली हार आंख खोलने वाली, हर स्थिति के लिए...

वॉर्म-अप मैच में मिली हार आंख खोलने वाली, हर स्थिति के लिए बनानी होगी बेहतर योजना: लौरा वोल्वार्ट

0
1

लीसेस्टरशायर, 10 जून (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले वॉर्म-अप मैच में मिली हार को टीम के लिए आंख खोलने वाली बताया है। उन्होंने कहा कि अगर टीम को छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराना है, तो उन्हें अपनी रणनीति और प्रदर्शन दोनों में सुधार करना होगा।

साउथ अफ्रीका ने अपना वॉर्म-अप अभियान न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के साथ पूरा किया, जहां उन्हें 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच इंग्लैंड के लॉफबोरो में खेला गया था। इस हार ने टीम की तैयारियों पर सवाल जरूर खड़े किए, लेकिन कप्तान वोल्वार्ट का मानना है कि इससे टीम को अपनी कमजोरियों को समझने का मौका मिला है।

वोल्वार्ट ने कहा कि वॉर्म-अप मुकाबलों का नतीजा उनके पक्ष में नहीं रहा, लेकिन यह जरूरी सबक देने वाला अनुभव था। उन्होंने कहा, “हम दोनों वॉर्म-अप मैच जीतना चाहते थे, लेकिन शायद टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हमें इसी तरह की सच्चाई की जरूरत थी। अब हमें समझ आ गया है कि सिर्फ मैदान पर उतरने से काम नहीं चलेगा, हमें हर स्थिति में बेहतर योजना बनानी होगी।”

उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम गेंदबाजी में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई और विपक्षी बल्लेबाजों को रोकने में पूरी तरह से नाकाम रही। वोल्वार्ट ने साफ किया कि ऑस्ट्रेलिया जैसी अनुभवी टीम के खिलाफ ऐसी गलतियों की कोई गुंजाइश नहीं होगी। कप्तान ने आगे कहा कि टीम को अब अपनी रणनीति पर काम करना होगा और मैच के दौरान फैसले तेजी से और सही तरीके से लेने होंगे। कप्तान ने उम्मीद जताई कि टीम अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करेगी और अपनी गलतियों को सुधार लेगी।

हालांकि, हार के बावजूद साउथ अफ्रीका के लिए एक बड़ी सकारात्मक बात भी रही। टीम की ऑलराउंडर क्लो ट्रायोन ने शानदार बल्लेबाजी की और सिर्फ 26 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह शानदार छक्के लगाए।

वोल्वार्ट ने ट्रायोन की तारीफ करते हुए कहा कि जब वह इस तरह के फॉर्म में होती हैं, तो उन्हें रोकना बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि ट्रायोन की टाइमिंग बहुत अच्छी थी और सही लाइन में खेलते हुए लगातार बड़े शॉट लगाए। कप्तान ने कहा कि टूर्नामेंट के आगाज से पहले ट्रायोन का फॉर्म में आना टीम के लिहाज से अच्छी खबर है।

साउथ अफ्रीका टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान का आगाज 13 जून को छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 17 जून को टीम की भिड़ंत पाकिस्तान और 21 जून को भारत के साथ होगी। 24 जून को प्रोटियाज टीम का सामना नीदरलैंड्स से होगा, जबकि ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में टीम की भिड़ंत बांग्लादेश से 28 जून को होगी।