लखनऊ, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। कप्तान श्रेयस अय्यर की शतकीय पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया। शानदार जीत के बावजूद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने वेस्टइंडीज को एक ‘खतरनाक टीम’ बताया है।
टीम इंडिया हाल ही में जापान में खेले गए एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड जीतने के बाद भारत पहुंची और वेस्टइंडीज के विरुद्ध टी20 मैच खेला। जब कप्तान अय्यर से पूछा गया कि क्या उन्हें लखनऊ में घर जैसा महसूस होता है, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, “सच कहूं तो, ऐसा नहीं है। उस थका देने वाले सफर के बाद, मुझे पता ही नहीं चला कि मैं कहां हूं। मुझे लगता है कि काश मैं हर दिन इसी तरह जाग पात, लेकिन हां, मैंने विकेट और हालात के हिसाब से जल्दी तालमेल बिठा लिया।”
अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारतीय टीम ने 19.1 ओवरों में वेस्टइंडीज को समेट दिया, जिसके बाद सिर्फ 14.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली।
कप्तान ने कहा, “मुझे लगता है कि पहले गेंदबाजी करने से हमें बहुत फायदा हुआ। हमने इसे कोई बहाना नहीं बनाया। हम बस आकर खेलना चाहते थे, जैसे कोई भी क्रिकेटर खेलता है, और हां, हमने वनडे में भारत बनाम वेस्टइंडीज का रोमांच देखा, वह कितना शानदार था, लेकिन टी20 में आते हुए, हम जानते हैं कि वे एक खतरनाक टीम है। इसलिए हमारे लिए यह जरूरी था कि हम प्रक्रिया पर टिके रहें, और आज हमने यही किया। तो हर खिलाड़ी ने बहुत अच्छा प्रयास किया।”
अय्यर ने 43 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों के साथ 102 रन की नाबाद पारी खेली। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला शतक रहा। अय्यर ने कहा, “यह पारी बहुत ही शानदार थी। आज के प्रदर्शन के लिए मैं यही शब्द इस्तेमाल करूंगा। जाहिर है, मैं असल में अपने पहले शतक के बारे में सोच रहा था, और वह पूरा हो गया। सपने सच होते हैं।”
