नागोया, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन पैरा गेम्स 2026 में मंगलवार को महिलाओं की 200 मीटर टी12 कैटेगरी में भारत के नाम दो पदक रहे। पैरालंपिक मेडलिस्ट सिमरन शर्मा ने गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि तेजलबेन दामोर ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया। वहीं, महिलाओं की 200 मीटर टी35 स्पर्धा में प्रीति पाल ने देश के लिए सिल्वर जीता।
नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में टी12 कैटेगरी में सिमरन ने 24.80 सेकंड का समय निकालकर गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया और पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने ईरान की हज्जर सफारजादेह को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 25.02 सेकंड का समय लिया था।
पेरिस पैरालंपिक 2024 में टी12 कैटेगरी की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट और 100 मीटर में वर्ल्ड चैंपियन सिमरन ने हांगझोऊ 2022 (26.12 सेकंड) के सिल्वर मेडल से आगे बढ़कर इस बार गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने अपने पिछले समय में 1.32 सेकंड का सुधार किया। गुजरात की दृष्टिबाधित टी12 पैरा-एथलीट तेजलबेन दामोर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 25.23 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और अपना पर्सनल बेस्ट दर्ज किया।
दूसरी ओर, भारत की प्रीति पाल ने महिलाओं की 200 मीटर टी35 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। प्रीति ने 29.53 सेकंड का समय लिया, जबकि चीन की जिया झोउ ने 28.03 सेकंड का समय लेकर गोल्ड मेडल जीता।
पेरिस पैरालंपिक में दो ब्रॉन्ज मेडल जीतने वालीं प्रीति, इस सिल्वर मेडल से पूरी तरह खुश नहीं थीं क्योंकि वह गोल्ड मेडल जीतना चाहती थीं। एशियन पैरा गेम्स में अपना पहला मेडल जीतने के बाद उन्होंने कहा, “मुझे अच्छा नहीं लग रहा है। मुझे लगा था कि मैं गोल्ड जीतूंगी। मैं 150 मीटर तक चीनी एथलीट से आगे थी, लेकिन अंत में मेरी गति कम हो गई। मेरी तबीयत ठीक नहीं है; मुझे लगा था कि मैं 28 सेकंड का समय निकाल लूंगी, जो कि गोल्ड मेडल जीतने के लिए जरूरी था। आखिरी 30 मीटर अच्छे नहीं रहे। शायद गोल्ड मेडल पैरालंपिक के लिए लिखा है; उम्मीद करते हैं कि ऐसा ही हो।”
इस बीच, प्रीति 100 मीटर स्प्रिंट में भी हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा, “खैर, कल 100 मीटर की रेस है। अब उस पर ध्यान देते हैं।”
