दुबई, 28 अगस्त (आईएएनएस)। महिला एशिया कप 2026 का आगाज शुक्रवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में हुआ। पहला मुकाबला ग्रुप ‘ए’ की थाइलैंड और हांगकांग के बीच खेला गया। थाइलैंड ने हांगकांग को 6 रन से हराकर टूर्नामेंट का शानदार आगाज किया। थाइलैंड ने हांगकांग को जीत के लिए 121 रन का लक्ष्य दिया था, लेकिन हांगकांग 20 ओवर में 7 विकेट पर 114 रन बना सकी और मैच 6 रन से हार गई।
121 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग को पहला झटका 1 स्कोर पर लगा। मारिको हिल बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद केरी चान और यास्मिन दासवानी ने 28-28 रन बनाकर टीम को संभाला। आखिरी पांच ओवरों में हांगकांग को जीत के लिए 37 रन बनाने थे और टीम के पास 6 विकेट शेष थे।
थाइलैंड की गेंदबाजों ने आखिरी 5 ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की और हांगकांग को 7 विकेट पर 114 रन पर रोक दिया। थाइलैंड की 6 रन की जीत बेहद रोमांचक रही।
थाइलैंड के लिए ओनिचा कामचोम्फु ने 3, फानिता ने माया ने 2, जबकि थिपात्चा पुत्थावोंग और सुलीपोर्न लाओमी ने 1-1 विकेट लिए।
हांगकांग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। थाइलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 120 रन बनाए थे। कप्तान नारुएमोल चायवाई ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। 31 गेंदों की इस पारी में चायवाई ने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके अलावा, विकेटकीपर बल्लेबाज नन्नापत कोंचारोएनकाई ने 41 गेंदों पर 27, फानिता माया ने 19 गेंदों पर 19 और अफिसरा सुवांचोनराठी ने 11 रन बनाए। इन 4 बल्लेबाजों को छोड़कर किसी भी अन्य बल्लेबाज ने दो अंकों में प्रवेश नहीं किया।
हांगकांग की तरफ से मरीना लैम्प्लो ने 4 ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट लिए। मेयी वाई सियू ने 4 ओवर में 37 रन देकर 3 और कैरी चान ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए।
