SGSU Advertisement
Home खेल विमेंस वनडे वर्ल्ड कप की जीत ने हमें घर-घर में जाना-पहचाना नाम...

विमेंस वनडे वर्ल्ड कप की जीत ने हमें घर-घर में जाना-पहचाना नाम बना दिया: स्मृति मंधाना

0
3

नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना के मुताबिक घरेलू मैदान पर विमेंस वर्ल्ड कप 2025 जीतने के बाद सबसे बड़ा बदलाव यह आया है कि अब महिला क्रिकेट को काफी सम्मान मिलने लगा है, और खिलाड़ी देश भर में जानी-पहचानी हस्तियां बन गई हैं।

स्मृति ने ‘जियोस्टार’ से कहा, “एक तरह से देखा जाए तो बहुत कुछ नहीं बदला है, लेकिन वर्ल्ड कप के बाद पिछले एक साल में महिला क्रिकेट को जो सम्मान मिला है और लोगों की इसमें जो गहरी दिलचस्पी देखने को मिल रही है, वह मेरे लिए वाकई एक सुखद बदलाव है। सभी खिलाड़ियों का घर-घर में जाना-पहचाना नाम बन जाना, सच में बहुत अच्छा लगता है।”

नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए फाइनल मैच को याद करते हुए, स्मृति ने बताया कि कैसे बारिश के बावजूद फैंस ने होटल के बाहर आकर टीम को विदाई दी थी।

उन्होंने कहा, “यह एक बहुत ही शानदार नजारा था। बारिश हो रही थी, फिर भी होटल के बाहर हमारी बस के पास करीब 1,000 लोग हमें विदा करने के लिए मौजूद थे। यह हमारे लिए बहुत अच्छा अनुभव था और इससे हमें काफी सकारात्मक ऊर्जा मिली। बारिश में भीगते हुए भी लोग वहां खड़े थे और हमें अपनी शुभकामनाएं दे रहे थे।”

फाइनल मैच में 87 रन की पारी खेलने के अलावा 2 विकेट हासिल करने वालीं शेफाली वर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था, उन्होंने स्मृति के साथ अपनी ओपनिंग साझेदारी के बारे में बात की।

शेफाली ने बताया कि अब वे दोनों एक-दूसरे को इतनी अच्छी तरह समझने लगी हैं कि उन्हें बातचीत करने के लिए शब्दों की भी शायद ही कभी जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा,”हमारी साझेदारी की खासियत यह है कि हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह जानते हैं और 2019 से साथ खेल रहे हैं। आजकल, हम बस आंखों के इशारे से ही एक-दूसरे से बात कर लेते हैं। इसलिए, हमें पता होता है कि मैदान पर एक-दूसरे से कितनी बात करनी है और टीम को किस चीज की जरूरत है। हम आपस में इस बारे में बात भी करते रहते हैं। मुझे लगता है कि यह हमारी साझेदारी में झलकता है और टीम के लिए अच्छा है।”