Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: बांग्लादेश ने बल्लेबाजी चुनी, दो बदलावों के साथ...

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: बांग्लादेश ने बल्लेबाजी चुनी, दो बदलावों के साथ उतरी भारतीय टीम

0
11

मैनचेस्टर, 25 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने गुरुवार को भारत के खिलाफ विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 23वें मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमें इस वर्ल्ड कप में अपनी तीसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरी हैं। भारतीय टीम में दो बदलाव हैं। अरुंधति रेड्डी और प्रेमा रावत यह मैच नहीं खेल रही हैं, जबकि रेणुका ठाकुर और राधा यादव प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं। वहीं, बांग्लादेशी खेमे में कोई बदलाव नहीं है।

टॉस जीतने के बाद बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। हम बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर खड़ा करना चाहते हैं। यह हमारे लिए बहुत अहम मैच है। हम इस मुकाबले में अपना सब कुछ झोंक देना चाहते हैं। हमारे बल्लेबाजों की फॉर्म खराब रही है। मुझे उम्मीद है कि वे वापसी करेंगे। गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारी टीम में कोई बदलाव नहीं है।”

वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, “मुझे लगता है कि यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच है, लेकिन अगर आप पिच पर थोड़ा समय बिताते हैं, तो यह वाकई बहुत अच्छी हो जाती है। हालांकि, इसमें गेंदबाजों के लिए भी कुछ न कुछ है। यह पिच बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों के लिए अच्छी है। हमें बस हालात के हिसाब से खेलना है। पहले जीत हासिल करनी है और फिर देखना है कि खेल कैसे आगे बढ़ते हैं।”

‘ग्रुप-ए’ की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर मौजूद भारत ने अब तक 3 में से 2 मैच अपने नाम किए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 64 रन से जीत दर्ज करने के बाद ‘विमेन इन ब्लू’ ने नीदरलैंड को 95 रन से हराया था। हालांकि, इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी।

दूसरी ओर, 3 में से 2 मैच जीतकर बांग्लादेशी टीम प्वाइंट्स टेबल में चौथे पायदान पर है। इस टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ 6 विकेट से जीत के साथ अपना अभियान शुरू किया था। इसके बाद उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों 9 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। बांग्लादेश ने ‘लो-स्कोरिंग’ मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 23 रन से जीत दर्ज की थी।

ग्रुप-ए से पाकिस्तान और नीदरलैंड की टीमें खिताबी रेस से बाहर हैं। ऑस्ट्रेलिया शुरुआती चारों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने के बेहद करीब है। वहीं, भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश की टीमें 3 में से 2-2 मैच अपने नाम कर चुकी हैं। तीनों टीमों के बीच इस ग्रुप से दूसरा टिकट हासिल करने की होड़ है।

भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिगेज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर और नंदिनी शर्मा।

बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन: दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, शर्मिन अख्तर, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शोभना मोस्तरी, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, राबिया खान, नाहिदा अख्तर, संजीदा अख्तर मेघला और मारुफा अख्तर।