Sunday, August 9, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में नाहिद अली ने जीते दो गोल्ड और एक...

वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में नाहिद अली ने जीते दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल, माता-पिता और कोच को दिया सफलता का श्रेय

0
5

सांबा, 9 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी नाहिद अली चौधरी ने वर्ल्ड एस्क्रीमा काली आर्निस फेडरेशन (डब्ल्यूईकेएएफ) द्वारा आयोजित वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप के 18वें संस्करण में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। नाहिद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को दिया है।

नाहिद ने ‘आईएएनएस’ के साथ खास बातचीत करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में कुल तीन इवेंट में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने पहले इवेंट में फिलिपींस, अमेरिका और थाईलैंड के खिलाड़ी को मात दी। वहीं, दूसरे इवेंट में भी उन्होंने अपने प्रदर्शन को कुछ इसी अंदाज में दोहराया। नाहिद तीसरे इवेंट में भी अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखने में सफल रहे और उन्होंने दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज अपने नाम किया।

नाहिद ने कहा कि वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच अमन वर्मा को देना चाहते हैं, जिनकी वजह से वह इस मुकाम तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि आगे भी वह अपने इसी प्रदर्शन को बरकरार रखकर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का पूरा प्रयास करेंगे। नाहिद ने युवाओं को संदेश देते हुए उनसे नशे से दूर रहकर खेल के प्रति आकर्षित होने की अपील भी की।

नाहिद की मां निशाद बीवी ने बताया कि उन्हें अपने बेटे की सफलता पर गर्व है। उन्होंने कहा कि नाहिद ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है और उनकी शुरुआत से ही खेल के प्रति खास रुचि थी। उन्होंने बताया कि नाहिद जहां भी खेलने जाया करते थे, वहां से दो से तीन गोल्ड लेकर आते थे।

निशाद बीवी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि नाहिद के पिता देश की सेवा कर रहे हैं और बेटा देश के लिए मेडल लेकर आ रहा है। बड़े भाई हमीद चौधरी ने छोटे भाई नाहिद की सफलता पर कहा कि यह पूरे परिवार के साथ-साथ गांव के लिए भी गर्व की बात है कि नाहिद इंटरनेशनल स्तर पर मेडल जीतकर आए हैं।

यह चैंपियनशिप मार्शल आर्ट से जुड़ी है। इस खेल में मुख्य रूप से लाठी (डंडों), चाकू और बिना हथियार के आत्मरक्षा व लड़ने के कौशल का प्रदर्शन किया जाता है।