खटीमा (उत्तराखंड), 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले भारतीय बॉक्सर कपिल पोखरिया का अगला लक्ष्य वर्ल्ड चैंपियनशिप और ओलंपिक गेम्स में देश के लिए मेडल लाना है। कपिल ने 90 किलोग्राम वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया।
कपिल ने ‘आईएएनएस’ के साथ बात करते हुए कहा, “मेरे लिए यह निजी तौर पर काफी बड़ी उपलब्धि है। कॉमनवेल्थ गेम्स में मैं हार गया था और मेडल लाने से चूक गया था। ऐसे में मेरे मन में यह था कि कॉमनवेल्थ में तो मेडल मिस हो गया, लेकिन एशियन गेम्स में हर हाल में देश के लिए मेडल तो लाना ही है। मुझे ब्रॉन्ज मेडल जीतने की बेहद खुशी है।”
हालांकि, कपिल फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे थे और उन्हें सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। सेमीफाइनल मैच में उज्बेकिस्तान के बॉक्सर तुरबेक खबीबुल्लाव के खिलाफ मिली हार पर बात करते हुए कपिल ने कहा, “सेमीफाइनल मैच में वह लड़का मेरे से बेहतर खेला, जिसके कारण मुझे हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, मैच के बाद मैंने कोच से बात की थी कि इस फाइट में मेरी क्या-क्या कमी थी और मुझे किन चीजों में सुधार करने की जरूरत है। मैं अभी जब कैंप में जाऊंगा, तो अपनी कमियों पर काम करूंगा।”
एशियन गेम्स के बाद भविष्य में अपने लक्ष्य के बारे में बात करते हुए कपिल ने कहा, “अगले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप है और मेरी कोशिश रहेगी कि यहां देश के लिए मेडल जीतकर ला सकूं।”
उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स के दौरान वह काफी नर्वस थे, क्योंकि वह कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल चूकने के बाद यहां वही गलती नहीं दोहराना चाहते थे। कपिल ने कहा कि उनके दिमाग में यह बात चल रही थी कि अगर वह मेडल नहीं जीत पाए, तो उन्हें फिर से सारी चीजें शुरुआत से करनी पड़ेंगी और एशियन गेम्स वैसे भी चार साल में एक बार होते हैं। उन्होंने कहा कि वह इसी कारण दबाव महसूस कर रहे थे, लेकिन मेडल पक्का होने के बाद वह काफी खुश थे।
कपिल ने कहा कि आने वाले 2 साल उनके करियर के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण हैं। भारतीय बॉक्सर के मुताबिक, अगले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप है और उसके बाद ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन भी शुरू हो जाएंगे। कपिल ने कहा, “हर एथलीट का सपना ओलंपिक में खेलना होता है। मैं भी चाहूंगा कि मैं पहले ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करूं और फिर देश के लिए मेडल लेकर आ सकूं।”
