बीजिंग, 16 जून (आईएएनएस)। ‘युवा नेतृत्व विकास, साझा सुंदर विश्व का निर्माण’ विषय पर ‘विश्व युवा विकास मंच- 2026’ का उद्घाटन सोमवार को मध्य चीन के हुपेई प्रांत की राजधानी वुहान में हुआ।
इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, 12 अंतर्राष्ट्रीय युवा संगठनों, 120 से अधिक देशों के युवा मामलों के मंत्रियों, युवा संगठनों के प्रमुखों, युवा विकास परियोजनाओं के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के 500 से अधिक युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
उद्घाटन समारोह में ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, कजाकिस्तान, केन्या और तंजानिया के नौ वैश्विक युवा विकास परियोजना प्रतिनिधियों ने सतत विकास के लिए अपने नवीन विचार और कार्य अनुभव साझा किए। पूर्ण सत्र में, विभिन्न देशों के युवा मामलों के अधिकारियों और युवा प्रतिनिधियों ने विकास योजना, जलवायु शासन, नवाचार एवं उद्यमशीलता, क्षमता निर्माण जैसे विषयों पर संवाद किया।
पूर्ण सत्र में युवा विकास के समर्थन में एक कार्य पहल जारी की गई। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के राष्ट्रीय उच्च स्तरीय थिंक टैंक द्वारा तैयार ‘चीनी युवा: नए युग में प्रयासकर्ता और वैश्विक योगदानकर्ता’ रिपोर्ट और वैश्विक युवा विकास कार्य योजना की तीसरी बैच की विशिष्ट परियोजनाओं की सूची भी जारी की गई। सभी देशों के युवा प्रतिनिधियों ने ‘2026 विश्व युवा विकास मंच युवा घोषणा-पत्र’ का सामूहिक वाचन किया।
यह लगातार पांचवीं बार है, जब विश्व युवा विकास मंच चीन में आयोजित हुआ है। मंच के दौरान, चीनी और विदेशी युवा प्रतिनिधि रचनात्मक अर्थव्यवस्था और लोकप्रिय संस्कृति, एआई एवं युवा सशक्तीकरण, स्वयंसेवा एवं गरीबी उन्मूलन पर तीन विषयगत मंचों में भाग ले रहे हैं, साथ ही वैश्विक युवा विकास परियोजना सप्ताह जैसी गतिविधियों में भी हिस्सा ले रहे हैं।
यह मंच अखिल चीन युवा संघ, विकास के लिए संयुक्त राष्ट्र चीन कार्यालय और विश्व युवा विकास मंच समिति द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया है। यह वैश्विक विकास पहल को बढ़ावा देने और संयुक्त राष्ट्र 2030 सतत विकास एजेंडा को साकार करने में युवाओं की बुद्धि और शक्ति का प्रदर्शन करता है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

