नई दिल्ली, 25 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार को मनुष शाह और दिया चितले की जोड़ी ने टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स इवेंट में देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। मनुष-दिया को खास उपलब्धि हासिल करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मनुष शाह और दिया चितले को मेरी ओर से बहुत-बहुत बधाई। यह एक बड़ी उपलब्धि है क्योंकि भारत ने गेम्स के लगातार तीसरे संस्करण में भी इस खेल में मेडल जीतने का सिलसिला जारी रखा है। भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी भारत की इस जोड़ी को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “एशियन गेम्स 2026 के मिक्स्ड डबल्स टेबल टेनिस में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर हमारे पैडलर्स मनुष शाह और दिया चितले को बधाई।”
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मनुष-दिया को बधाई देते हुए लिखा, “मनुष शाह और दिया चितले ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। एशियन गेम्स 2026 में टेबल टेनिस मिक्स्ड डबल्स में पोडियम तक पहुंचने के लिए इस जोड़ी को बहुत-बहुत बधाई। भारतीय टेबल टेनिस के लिए यह गर्व का पल है।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मनुष शाह और दिया चितले को बधाई देते हुए लिखा, “एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मनुष शाह और दिया चितले पर गर्व है। मैं उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देता हूं। उनका हुनर, लगन और टीमवर्क तारीफ के काबिल है और भारत के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जोड़ी को बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “एशियन गेम्स में भारतीय टेबल टेनिस के लिए गर्व का पल। एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मनुष शाह और दिया चितले को बधाई। इस जोड़ी ने चीन की मजबूत जोड़ी के सामने जबरदस्त संयम और लड़ने का जज्बा दिखाया। यह उपलब्धि भारतीय टेबल टेनिस के लिए और भी कई सफलताओं की प्रेरणा बने। जय हिंद।”
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारतीय जोड़ी को बधाई देते हुए लिखा, “टेबल टेनिस में भारतीय पैडलर्स का उत्कृष्ट सामर्थ्य। एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में मानुष शाह जी और दिया चितले जी ने ब्रॉन्ड मेडल अर्जित कर देश का गौरव बढ़ाया है। आप दोनों का त्वरित संतुलन, सजगता और कभी पीछे न हटने का जज्बा हर युवा खिलाड़ी को कड़े संघर्षों में भी अडिग रहने के लिए प्रेरित करेगा। राष्ट्र का मान बढ़ाने वाले इस प्रदर्शन पर आप दोनों को अनेकानेक शुभकामनाएं एवं आगामी सभी मुकाबलों के लिए ढेरों मंगलकामनाएं।”
