बेलफास्ट, 26 जून (आईएएनएस)। भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया की आयरलैंड के खिलाफ यह पहली हार है। यह मैच श्रेयस अय्यर के लिए बतौर कप्तान पहला मैच था और उन्हें हार के साथ अपनी कप्तानी पारी की शुरुआत करनी पड़ी है। भारतीय टीम की हार का कारण अपना डेब्यू मैच खेल रहे मैथ्यू होलार्ड बने। होलार्ड को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
होलार्ड ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने ईशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर और ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर के अहम विकेट लिए।
प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद होलार्ड ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो, मैंने कभी इसकी उम्मीद नहीं की थी। मुझे हमेशा से पता था कि मेरे पास यह है, लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इंडिया के खिलाफ अपना डेब्यू करूंगा। यह एक सपना सच होने जैसा है। मेरा परिवार जोहान्सबर्ग से आया है। यह एक सपने जैसा है।”
उन्होंने कहा, “मैं सच में 2019 से आयरलैंड आना चाहता था। फिर कोविड आया और दिक्कतें हुईं। मेरी तरफ से कुछ दिक्कतें आईं। मेरा भाई पहले यहां आया और कहा कि तुम्हें आना ही होगा। क्रिकेट आयरलैंड ने जिस तरह से मेरा ख्याल रखा, वह कमाल का रहा।”
अपने परिवार के बारे में होलार्ड ने कहा कि मैंने उन्हें कुछ समय से नहीं देखा था और उन्हें ऐसे मौके पर यहां देखने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता। मुझे डेब्यू कैप लेते हुए उनका देखना और फिर मेरा हौसला बढ़ाना, यह सब अविश्वसनीय है।
मैच की बात करें तो आयरलैंड ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 182 रन बनाए थे। भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई और 34 रन से मुकाबला हार गई।

