Sunday, June 7, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘यह जीत युवाओं को प्रेरित करेगी’, सैफ चैंपियनशिप जीतने पर पीएम मोदी...

‘यह जीत युवाओं को प्रेरित करेगी’, सैफ चैंपियनशिप जीतने पर पीएम मोदी ने दी भारतीय महिला टीम को बधाई

0
5

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने सात साल का सूखा खत्म करते हुए शनिवार को सैफ चैंपियनशिप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। फाइनल में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 3-1 से हराया। इस खास उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को बधाई दी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जीत आने वाले वर्षों में युवाओं को फुटबॉल खेलने के लिए प्रेरित करेगी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर टीम को बधाई देते हुए लिखा, “सैफ विमेंस चैंपियनशिप 2026 जीतने पर भारतीय विमेंस फुटबॉल टीम को बधाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बहुत अच्छा खेला। इस जीत से आने वाले समय में और भी युवा खिलाड़ी फुटबॉल खेलने के लिए प्रेरित होंगे। टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। खिताबी मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम के लिए पहला गोल प्यारी जाक्सा ने किया। मैच के 42वें मिनट में उन्होंने पेनल्टी एरिया में शानदार फुर्ती दिखाते हुए जबरदस्त शॉट खेला। सुरोवी अख्तर ने जाक्सा के शॉट को रोकने का प्रयास किया, लेकिन गेंद डिफ्लेट होकर माइक अख्तर के सिर के ऊपर से होती हुई गोल पोस्ट में पहुंच गई।

हालांकि, बांग्लादेश ने चंद मिनटों बाद ही वापसी की। स्टॉपेज टाइम में ऋतु पोर्ना ने भारत के डिफेंस को चकमा देते हुए बेहतरीन गोल किया। इस गोल के साथ ही स्कोर 1-1 से बराबर हो गया। हाफ टाइम के ठीक बाद प्यारी जाक्सा के शानदार क्रॉस पास पर सनफिदा नोंग्रम ने बेहतरीन हेडर मारकर भारत को मैच में 2-1 की बढ़त दिला दी।

मैच के 82वें मिनट में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी लिंडा कॉम सर्टो ने भारत के लिए तीसरा गोल करते हुए जीत सुनिश्चित कर दी। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में कुल 18 गोल किए, जबकि विपक्षी टीम सिर्फ एक बार भारत के डिफेंस को भेदने में सफल हो सकी। अवेका सिंह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं। उन्होंने कुल 4 गोल किए।