SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 28 सितंबर को होगा पश्चिमी मैदानी जोन...

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 28 सितंबर को होगा पश्चिमी मैदानी जोन का किसान मेला, आठ जिलों के किसान करेंगे प्रतिभाग

0
5

ग्रेटर नोएडा, 23 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के दौरान पश्चिमी मैदानी जोन के किसानों के लिए एक दिवसीय जनपद स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। कृषि विभाग की ओर से आयोजित होने वाले इस किसान मेले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आठ जनपदों के प्रगतिशील, अचीवर और अन्य कृषक शामिल होंगे। मेले का उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीनतम तकनीकी विकास, नवाचार और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने जनपद के किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में एग्रोक्लाइमेटिक जोन स्तर पर पश्चिमी मैदानी जोन का जनपद स्तरीय एक दिवसीय किसान मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे से उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के इंडिया एक्सपो मार्ट, हॉल नंबर-2ए, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा।

किसान मेले में पश्चिमी मैदानी जोन से जुड़े मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़ और शामली जनपदों के किसान प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान अलग-अलग जनपदों से आने वाले प्रगतिशील और अचीवर किसानों को भी अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। ऐसे किसान कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही नई तकनीकों, सफल कृषि प्रयोगों और नवाचारों की जानकारी अन्य किसानों के साथ साझा कर सकते हैं। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

कृषि वैज्ञानिक किसानों को खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे। किसानों को फसल उत्पादन, आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत कृषि पद्धतियों और खेती में नवाचार से जुड़े विषयों पर उपयोगी जानकारी मिलने की उम्मीद है। किसान वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं भी रख सकेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने गौतमबुद्धनगर सहित संबंधित जनपदों के किसानों से किसान मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलती है, जिससे वे अपनी खेती को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई पद्धतियों को अपना सकते हैं। किसान मेले में किसानों को कृषि वैज्ञानिकों और प्रगतिशील कृषकों से संवाद का अवसर मिलेगा।

विभाग का उद्देश्य किसानों में जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें नवीनतम कृषि तकनीकों और उन्नत पद्धतियों से जोड़ना है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान आयोजित होने वाले इस किसान मेले को पश्चिमी मैदानी जोन के किसानों के लिए अनुभव साझा करने और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं की जानकारी हासिल करने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।