Friday, July 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति युवा देश के भविष्य के साझेदार हैं, पेपर लीक रोकने को सरकार...

युवा देश के भविष्य के साझेदार हैं, पेपर लीक रोकने को सरकार सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करेगी : मिलिंद देवरा

0
5

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। शिवसेना नेता और राज्यसभा सदस्य मिलिंद देवरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर देश के युवाओं, शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत के युवा देश के भविष्य को आकार देने में भागीदार बनना चाहते हैं, और उनकी इन आकांक्षाओं के केंद्र में शिक्षा है।

मिलिंद देवरा ने सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के फैसले का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे सरकार और युवाओं के बीच सकारात्मक और रचनात्मक संवाद की शुरुआत होगी।

उन्होंने कहा कि शिवसेना की ओर से उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारत सरकार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगी।

मिलिंद देवरा ने कहा कि देश का लक्ष्य ऐसी शिक्षा व्यवस्था तैयार करना होना चाहिए, जो दुनिया की सबसे भरोसेमंद, पारदर्शी और मजबूत व्यवस्था बने। हर छात्र को अपनी मेहनत के दम पर सफलता हासिल करने का निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए और परीक्षा प्रणाली पूरी तरह विश्वसनीय होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात एक वीडियो संदेश जारी कर देश के युवाओं और आम लोगों को भरोसा दिलाया था कि सरकार पेपर लीक के मामलों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस संबंध में तैयार किए गए नए कानून का मसौदा शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कानून में फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मामलों की त्वरित सुनवाई और दोषियों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि कैबिनेट सहयोगियों के सुझावों के बाद मसौदे को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद सोमवार से शुरू हो रहे संसद के दूसरे सप्ताह में इस विधेयक को जल्द से जल्द संसद से पारित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।