SGSU Advertisement
Home खेल युवा प्रदर्शन पर ध्यान दें, चयनकर्ता खुद आपको ढूंढ लेंगे: सूर्यकुमार यादव

युवा प्रदर्शन पर ध्यान दें, चयनकर्ता खुद आपको ढूंढ लेंगे: सूर्यकुमार यादव

0
3

नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने युवा क्रिकेटरों से अपने प्रदर्शन पर ध्यान देने को कहा है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदर्शन अच्छा रहता है, तो चयनकर्ता आपको ढूंढ लेंगे।

आईएएनएस से बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा, “मैं युवाओं से अपील करूंगा कि वे अपनी तुलना किसी और से न करें क्योंकि हर किसी की कहानी अलग होती है और हर किसी का एक अलग चैप्टर होता है।”

पूर्व भारतीय कप्तान ने बातचीत के दौरान अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद किया जब वह घरेलू क्रिकेट खेलते थे, ट्रेन से सफर करते थे और अपने मौके का इंतजार करते थे।

सूर्यकुमार ने भारतीय क्रिकेट में बहुत ज्यादा दबाव के बारे में भी बताया, जहां युवा खिलाड़ियों को अक्सर लगता है कि उन्हें बहुत कम उम्र में ही सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचना है।

उन्होंने कहा, “भारत में, ज्यादातर लोग सोचते हैं कि अगर आप 21 या 25 साल की उम्र तक कहीं नहीं पहुंचे, तो आपका करियर खत्म हो गया और आपको कोई दूसरा विकल्प चुनना पड़ सकता है। लेकिन, उम्र कभी भी किसी खिलाड़ी की किस्मत तय नहीं करती। मुझे लगता है कि उम्र कोई आधार नहीं है, अहम आपकी तैयारी है।”

सूर्यकुमार ने कहा, “युवा अपनी स्किल्स को और बेहतर करते रहें और अपनी प्रतगि के प्रति प्रतिबद्ध रहें, खासकर तब जब कोई देख न रहा हो। आपका प्रदर्शन ही चयनकर्ताओं का ध्यान आपकी तरफ खींचता है।”

बता दें कि सूर्यकुमार यादव को घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद 31 साल की उम्र में भारतीय टीम में मौका मिला था। टी20 फॉर्मेट में लंबे समय तक दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज रहे सूर्या इस फॉर्मेट में लगातार 2 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे। सूर्या ने एक खिलाड़ी के तौर पर टी20 विश्व कप 2024 और कप्तान के तौर पर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था।