युवाओं के लिए खुशखबरी: सीएनपी-नासिक ने बढ़ाई सुपरवाइजर समेत 534 पदों पर आवेदन की तरीख, 3 जून तक करें आवेदन

0
1

मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसपीएमसीआईएल) की एक इकाई, करेंसी नोट प्रेस (सीएनपी), नासिक ने सुपरवाइजर समेत विभिन्न 534 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

सीएनपी की ओर से जारी 534 रिक्तियों में सुरक्षा अधिकारी, सुपरवाइजर (टीओ-इंस्ट्रूमेंटेशन), सुपरवाइजर (आधिकारिक भाषा), सचिव सहायक, कलाकार (ग्राफिक डिजाइन) और जूनियर तकनीशियन (इलेक्ट्रॉनिक्स/इंस्टूमेंटेशन) के 1-1; कल्याण अधिकारी, जूनियर तकनीशियन (स्टोर), जूनियर तकनीशियन (एयर कंडीशनिंग), जूनियर तकनीशियन (मैकेनिकल/एयर कंडीशनिंग) और जूनियर तकनीशियन (इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स) के 2-2; सुपरवाइजर (टीओ-एसी), सुपरवाइजर (इंक फैक्ट्री), सुपरवाइजर (मैकेनिकल/एयर कंडीशनिंग), सुपरवाइजर (इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स), सुपरवाइजर (टीओ-सिविल), जूनियर तकनीशियन (मैकेनिक मशीन टूल रखरखाव/फिटर), जूनियर तकनीशियन (इंक फैक्ट्री अटेंडेंट ऑपरेटर) और जूनियर तकनीशियन (इंक फैक्ट्री प्रयोगशाला सहायक) के 3-3; सुपरवाइजर (आईटी) के 6; सुपरवाइजर (टीओ-मैकेनिकल) के 7; सुपरवाइजर (टीओ-इलेक्ट्रिकल) और जूनियर तकनीशियन (मशीनिस्ट) के 8-8; सुपरवाइजर (टीओ-इलेक्ट्रॉनिक्स) के 9; जूनियर तकनीशियन (विद्युत) के 12; जूनियर तकनीशियन (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 15; जूनियर तकनीशियन (फिटर) के 20; जूनियर कार्यालय सहायक के 22; सुपरवाइजर (टीओ-प्रिंटिंग) के 25, सुपरवाइजर (तकनीकी-नियंत्रण) के 27; जूनियर तकनीशियन (मुद्रण) के 108; और जूनियर तकनीशियन (नियंत्रण) के 227 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो गई थी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 19 मई निर्धारित की गई है। हालांकि, अब आवेदन की डेडलाइन को आगे बढ़ा दिया दया है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पोस्ट के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं या तय समय सीमा के अंदर अप्लाई करने से चूक गए थे, उनके लिए यह शानदार मौका है। आवेदक अब सीएनपी-नासिक की ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म बुधवार से 3 जून तक जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार 10वीं/आईटीआई/डिप्लोम/ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद अनुसार 25 से 30 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा/स्किल टेस्ट/इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 18,780 से 1,03,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 1,000 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 200 रुपए तय किया गया है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सीएनपी-नासिक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।