झारखंड : खूंटी में पारिवारिक विवाद में चाचा की ईंट से कुचलकर हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार

0
17

खूंटी, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के खूंटी जिला अंतर्गत अड़की थाना क्षेत्र के साके गांव में पारिवारिक विवाद में 18 वर्षीय युवक ने अपने चाचा की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या आरोपी को शुक्रवार को गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक एतवा सोय को शक था कि उसके चाचा सामू सोय का उसकी मां के साथ नाजायज संबंध था। गुरुवार दोपहर इस मामले को लेकर विवाद हुआ और इसके बाद एतवा ने चाचा पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल सामू सोय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के निर्देश पर पुलिस उपनिरीक्षक कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ साके गांव पहुंचे और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेजा।

पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को आरोपी एतवा सोय को उसी गांव में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त ईंट, खून से सनी टी-शर्ट और खून लगी मिट्टी के नमूने जब्त किए हैं।

अड़की थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या पूरी तरह पूर्वनियोजित नहीं थी, बल्कि पारिवारिक तनाव और शक के कारण युवक ने अचानक गुस्से में आकर यह कदम उठाया। पुलिस ने इस मामले में अड़की थाना कांड संख्या 56/25 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी युवक पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था और अक्सर घर में विवाद करता था। हत्या की खबर से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।