Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल एमएलसी 2025 : फाफ डु प्लेसिस का शतक बेकार, यूनिकॉर्न्स ने लगाया...

एमएलसी 2025 : फाफ डु प्लेसिस का शतक बेकार, यूनिकॉर्न्स ने लगाया ‘जीत का चौका’

0
33

नई दिल्ली, 21 जून (आईएनएस)। मेजर लीग क्रिकेट-2025 (एमएलसी) में टेक्सास सुपर किंग्स के कप्तान फाफ डु प्लेसिस की मेहनत पर पानी फेरते हुए सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने सात विकेट से जीत दर्ज की।

एमएलसी 2025 के 10वें मैच में हार के साथ सुपर किंग्स को सीजन का पहला झटका लगा है। टीम ने इससे पहले सभी तीन मैच अपने नाम किए थे। टेक्सास सुपर किंग्स भी चार में से तीन मुकाबले जीतकर दूसरे पायदान पर है, जबकि लगातार चौथी जीत के साथ यूनिकॉर्न्स ने पहले स्थान पर कब्जा जमा रखा है।

डलास में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुपर किंग्स ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 198 रन बनाए।

इस टीम को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। डेवोन कॉन्वे ने फाफ डु प्लेसिस के साथ मिलकर 9.1 ओवरों में 97 रन जोड़े। कॉन्वे 23 गेंदों में इतने ही रन बनाकर आउट हए।

इसके बाद कप्तान डु प्लेसिस ने सैतेजा मुक्कामल्ला के साथ दूसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर की ओर बढ़ा दिया।

मुक्कामल्ला 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट हुए। उन्होंने टीम के खाते मे 38 रन जोड़े। इसके बाद अगली ही गेंद पर डु प्लेसिस को हारिस रऊफ ने अपना शिकार बना दिया। फाफ डु प्लेसिस 51 गेंदों में 100 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने सात छक्के और छह चौके जड़े।

विपक्षी टीम की ओर से जेवियर बार्टलेट और हारिस रऊफ ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को उसकी ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। कप्तान मैथ्यू शॉर्ट और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 8.3 ओवरों में 117 रन जोड़े। शॉर्ट 29 गेंदों में चार छक्कों और छह चौकों के साथ 61 रन बनाकर आउट हुए।

फिन एलन ने जेक फ्रेजर-मैकगर्क के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रन जुटाए। एलन ने अपनी पारी में 35 गेंदों का सामना किया, जिसमें आठ छक्कों और चार चौकों के साथ 78 रन ठोके, जबकि मैकगर्क ने 37 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

टेक्सास सुपर किंग्स की तरफ से एलम मिल्ने, डेरिल मिशेल और मोहम्मद मोहसिन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।